फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में बढ़ा कोरोना संक्रमण, 71 नए पॉजिटिव मिले, पीड़ितों की कुल संख्या पहुंची 2734

Wed, 10 Jun 2020 12:16 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पंजाब में कोरोना वायरस का फैलाव तेजी से होने लगा है। मंगलवार को राज्य भर में इस महामारी का शिकार हुए 71 नए केस सामने आए। इनमें फरीदकोट में एक ही परिवार को 13 लोग और फतेहगढ़ साहिब में 2 मरीज भी शामिल हैं। इसी के साथ बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर 2734 हो गई है। राज्य में 39 और मरीजों के ठीक होने के साथ ही इस महामारी को मात देने वालों की संख्या 2167 पहुंच गई है। 

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 136343 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 497 लोगों का इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना वायरस से अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है। 

जुआरी निकला पॉजिटिव, तीन जज और चार पुलिसकर्मी क्वारंटीन
पिछले दिनों न्यू अमरदास नगर की कोठी से पकड़े गए एक जुआरी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में आए चार पुलिसकर्मियों और तीन जजों को क्वारंटीन किया गया है। सीआईए स्टाफ की पुलिस ने 11 जुआरियों को काबू कर इन्हीं जजों की अदालत में पेश किया था। तीन जजों को 8 से 22 जून तक क्वारंटीन करके उनकी जगह पर दूसरे जजों को काम सौंप दिया गया है। 
विज्ञापन


कोरोना पॉजिटिव मिले जुआरी की पेशी के वक्त अदालत में हाजिर रहे लोगों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है जो अपनी तारीख या केस में पेश होने के लिए उस वक्त वहां मौजूद थे। जजों के साथ उनके स्टाफ और एक वकील को भी क्वारंटीन किया गया है। यह आदेश जिला सेशन जज ने जारी किए हैं। जिन चार पुलिस मुलाजिमों ने 11 जुआरियों को काबू किया और इनसे पूछताछ की थी, उनको भी होम क्वारंटीन किया गया है। इसके अलावा बाकी 10 जुआरी भी क्वारंटीन कर दिए गए हैं। 

जालंधर में कोरोना के चार मरीज मिले

कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। मंगलवार को जिले में चार कोरोना संक्रमित मिले। इसमें रामामंडी में एक महिला पॉजिटिव पाई गई है। 22 वर्षीय महिला हाल ही में बिहार से लौटी थी। जालंधर के तीन लोग लुधियाना में इलाजरत हैं। फ्रैंडस कालोनी का युवक, लैब टेक्नीशियन और एक अन्य संक्रमित मिले हैं। 

सामाजिक दूरी को लेकर पुलिस कसेगी शिकंजा
जालंधर में बाजार, मॉल्स और धार्मिक स्थल खुलने के बाद बढ़ी भीड़ में सामाजिक दूरी को लेकर सावधानी न रखने वालों पर पुलिस की सख्ती बुधवार से बढ़ जाएगी और चालान किए जाएंगे। मंगलवार को पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने अधिकारियों से बैठक कर मुहिम चलाने के आदेश दिए। डीसी कांप्लेक्स में अधिकारियों के साथ मीटिंग में तय किया गया कि लोगों को सुधारने के लिए चालान बहुत जरूरी है। 

बस में सामाजिक दूरी का नियम तोड़ने पर तीन हजार, कार में दो हजार और ऑटो रिक्शा व मोटरसाइकिल अथवा स्कूटर पर नियम तोड़ने पर 500 रुपये जुर्माना देना होगा। इसके अलावा बिना मास्क का जुर्माना 500 रुपये, होम क्वारंटाइन तोड़ने का दो हजार और सार्वजनिक जगहों पर थूकने पर 500 रुपये जुर्माना होगा। 
 
अमृतसर में मिले 13 नए केस 
अमृतसर में मंगलवार को कोरोना के 13 नए केस रिपोर्ट हुए। इसके साथ ही अमृतसर में कोरोना के मरीजों की संख्या 515 पहुंच गई है, जिसमें से 378 मरीज ठीक होकर घरों को लौट चुके हैं। 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। 126 मरीजों का इलाज जीएनडीएच के आइसोलेशन वार्ड में चल रहा है। 

मंगलवार को जिन मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें एक एएसआई भी शामिल है। छह पॉजिटिव मरीजों का कोई यात्रा इतिहास नहीं है। गार्डन एन्कलेव से एक, वृंदावन गार्डन से एक, शक्ति नगर से एक, कटड़ा खजाना से एक, हाल गेट पुरानी मंडी से एक, रामबाग से एक मरीज रिपोर्ट हुआ है। इन सभी मरीजों में कोरोना का कोई लक्षण नहीं है।

वहीं पांच मरीज कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में थे। इनमें न्यू गार्डन कॉलोनी में पूर्व पॉजिटिव आए शख्स के संपर्क में आए उसके दो पारिवारिक सदस्य, शर्मा कॉलोनी में पॉजिटिव रिपोर्ट हुए शख्स के संपर्क में आए तीन लोग शामिल हैं। इसी प्रकार दो केस ए सिम्टोमैटिक हैं। इनमें एक बस स्टैंड के नजदीक स्थित गहरीवाल गली व दूसरा मून एवेन्यू से संबंधित है। मंगलवार को 15 मरीजों को अस्पताल से घर भेज दिया गया।
 
पटियाला में दो परिवारों के चार सदस्य पॉजिटिव 
पटियाला में मंगलवार देर शाम चार नए पॉजिटिव केसों की पुष्टि हुई। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि पुराना बिशन नगर एरिया में रहने वाले एक ही परिवार के 16 साल का नौजवान और 37 साल का एक अन्य सदस्य की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। ये दोनों कुछ दिन पहले सहारनपुर से लौटे थे। पाठक विहार एरिया में रहने वाले 42 साल के एक व्यक्ति व उसकी छह साल की बेटी भी संक्रमित मिली है। यह दोनों बाप-बेटी यूपी से लौटे थे। 

संगरूर: अमरगढ़ में कोरोना के तीन नए मामले

अमरगढ़ के नजदीकी गांव खेड़ी सोढियां में एक दिन में तीन मरीज कोरोना पॉजिटिव आने से संबंधित क्षेत्र को सील कर दिया गया है। तीनों मरीजों को कोविड सेंटर घाबदां भेज दिया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इंस्पेक्टर जगतार सिंह सिद्धू और नोडल अधिकारी रणवीर ढंडे ने बताया कि एसएमओ डॉ. संजय गोयल के आदेशानुसार मरीजों को कोविड केयर सेंटर घाबदां भेजा गया है। 

उन्होंने बताया कि 5 जून को दमे और शुगर की मरीज महिला कोरोना पॉजिटिव मिली थी। उसके संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लिए गए थे। अब पाए गए कोरोना पॉजिटिव मामलों में दो मरीज उस महिला के पारिवारिक सदस्य हैं और तीसरी महिला पड़ोसन है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाकर सैंपलिंग शुरू कर दी है।

लुधियाना में 12 नए कोरोना पॉजिटिव केस, कुल संख्या 283
लुधियाना में कोरोना संक्रमण का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को 12 नए केस सामने आए है। नए मामलों में एक विचाराधीन कैदी और दो साल की बच्ची भी शामिल है। छावनी मोहल्ला में मंगलवार को चार नए मामले सामने आए हैं। अब तक छावनी मोहल्ले से 22 कोरोना केस सामने आ चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति की इसी मोहल्ले में मौत भी हो चुकी है। जिले में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 283 हो गई है। 

सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि मंगलवार छावनी मोहल्ला से चार नए मामले आए है। इसमें 51 वर्षीय महिला, 60 साल का पुरुष व दो बहनें शामिल हैं। इस्लामगंज से भी 30 साल की महिला व दो पुरुष कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। हबीबगंज से भी तीन कोरोना के मामले सामने आए हैं। इनमें 20 वर्षीय युवती सहित दो पुरुष शामिल हैं। गुरुग्राम से आया कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति डीएमसी (दयानंद मेडिकल कॉलेज) में उपचारधीन है। उसकी दो साल की बेटी भी कोरोना पॉजिटिव है।
विज्ञापन

पठानकोट में मिले 3 नए संक्रमित, 3 डिस्चार्ज

पठानकोट में 3 नए पॉजिटिव मामले आने के बाद मरीजों का आंकड़ा 94 पहुंच गया है। मंगलवार को एक तरफ जहां 3 नए मरीज आए। वहीं 3 मरीजों को सरकार की डिस्चार्ज पॉलिसी के तहत घर भेज दिया गया है। सिविल सर्जन पठानकोट डॉ. विनोद सरीन ने बताया कि 3 नए मरीजों में एक व्यक्ति चक्क माधोसिंह के मृतक के संपर्क में था। इसके अलावा मोहल्ला काजियां निवासी व्यक्ति और तीसरा संक्रमित सुजानपुर के पुरी मोहल्ला का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि कुल 94 में से 57 लोग रिकवर होकर घर लौट चुके हैं। इसके अलावा 4 लोगों की मौत हो गई है। 33 लोगों का इलाज चल रहा है। डॉ. सरीन ने बताया कि अब पठानकोट में डोर-टू-डोर सर्वे किया जाएगा।

नंगल में मिला एक और पॉजिटिव 
गांव तलवाड़ा में एक और कोरोना पॉजिटिव मिला है। पीड़ित युवक को ज्ञान सागर अस्पताल (बनूड़) रेफर किया गया है। सिविल अस्पताल नंगल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव आया 23 वर्षीय युवक 31 मई को आगरा से अपने स्कूटर पर गांव तलवाड़ा पहुंच था। उसे घर में ही क्वारंटीन कर सैंपल जांच को भेजे गए थे। रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही तुरंत उसे ज्ञान सागर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।  परिजनों के भी सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। 

कोटकपूरा में एक ही परिवार के 13 सदस्य पॉजिटिव 
कोटकपूरा में कोरोना वायरस का एक बड़ा धमाका हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंची कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट में एक ही परिवार के 13 सदस्य पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी परिवार के दो सदस्य पहले पॉजिटिव मिले थे, जिसके बाद पूरे परिवार के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 13 और की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। 

अब जिला फरीदकोट में एक्टिव केसों की संख्या 25 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि यह सारे केस एक दूसरे के संपर्क की वजह से आए हैं। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव पाए गए सभी मरीजों को फरीदकोट के श्री गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट कर दिया गया है। उक्त परिवार के रिहायशी क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन में तब्दील किए जाने की तैयारी कर ली है।  

गोरखपुर से शादी करके लौटा युवक निकला पॉजिटिव
मंडी गोबिंदगढ़ में गोरखपुर से लौटा 25 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव आया है। वह चार जून को यूपी से शादी करके लौटा था। इसके अलावा मंडी गोबिंदगढ़ का एक 18 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। वह महाराष्ट्र घूमने गया था। जिले में कुल मरीजों की संख्या नौ हो गई है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें