नूरां सिस्टर्स के नाम से प्रसिद्धि हासिल करने वाली पंजाबी गायिका ज्योति मीर अपने पति कुनाल पासी के साथ रह सकेंगी। हाईकोर्ट ने दोनों को एक महीने तक एक साथ रहने की छूट दे दी है।
इसके साथ ही जालंधर ग्रामीण के एसपी को निर्देश दिया है कि यदि ज्योति या उसके पति को सुरक्षा की जरूरत पड़ी तो तुरंत सुरक्षा मुहैया कराई जाए। सुनवाई दो दिसंबर को होगी।
हाईकोर्ट ने दोनों परिवारों में आपसी सहमति बनाने के लिए ही एक महीने का समय दिया है। हाईकोर्ट के निर्देश पर ज्योति करीब दो महीने से चंडीगढ़ के सुरक्षा गृह में रह रही थीं।
वीरवार को भी उन्हें सुरक्षा गृह से ही हाईकोर्ट लाया गया। ज्योति मीर और कुनाल पासी ने ज्योति के परिवार की मर्जी के बगैर शादी की थी। इसके बाद दोनों ने हाईकोर्ट में सुरक्षा के लिए याचिका दायर की थी।
बालिग होने पर उठा था सवाल
ज्योति के परिजनों ने आरोप लगाया था कि ज्योति नाबालिग है और कुनाल उसे बहला-फुसला कर भगा ले गया है। इससे ज्योति की उम्र भी संदेह के घेरे में आ गई थी। हाईकोर्ट ने पीजीआई से ज्योति की उम्र की जांच कराने का निर्देश दिया था। टेस्ट में वह नाबालिग निकली थी।