चंडीगढ़। नगर निगम के चुनाव में कोरोना पॉजिटिव मरीज भी मतदान कर सकेंगे, जिसके लिए यूटी प्रशासन की तरफ से खास बंदोबस्त किए जाएंगे। गृह सचिव ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक में इस संबंध में आदेश जारी किए।
गृह सचिव नितिन यादव ने कहा कि चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर के साथ मेडिकल ऑफिसर व उनकी टीम भी तैनात रहेगी। बैठक में वित्त सचिव विजय नामदेवराव जड़े और राज्य चुनाव आयोग के सचिव संदीप मिश्रा भी उपस्थित थे। गृह सचिव ने निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया सही रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की कोई घटना न हो। इस दौरान उन्होंने मतदान सूची के स्टेटस के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर कोरोना से संबंधित नियमों की भी सख्ती से पालना करवाने के लिए बोला है। उन्होंने कहा कि सभी ने मास्क पहना हो और सामाजिक दूरी की भी पालना करवाई जाए। बैठक में एसएसपी कुलदीप सिंह चहल समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।