प्रशासन की हिदायतों के बावजूद कोविड-19 को लेकर बिना पुष्टि के फेसबुक पर पोस्ट करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोपी ने एक नहीं बल्कि दो पोस्ट कीं और इनमें प्रशासन पर कोरोना रिलीफ फंड हजम करने के कथित आरोप लगाए। इस पर संज्ञान लेते हुए तहसीलदार ने मामले की शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र बंसल के खिलाफ 188 और 505-बी आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया।
कोरोना को लेकर पोस्ट डालने पर जिले में यह तीसरी एफआईआर दर्ज हुई है। कोविड-19 को लेकर जिला प्रशासन ने हिदायत जारी कर रखी है कि कोई भी व्यक्ति बिना पुष्टि के सोशल मीडिया पर पोस्ट न डाले या कोई सूचना आगे फॉरवर्ड न करें। अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इन हिदायतों को नजरअंदाज करते हुए नरेंद्र बंसल ने फेसबुक पर एक पोस्ट डाल दी।