लॉकडाउन में मरीजों को आ रही परेशानियों को देखते हुए वरिष्ठ डॉक्टरों ने अमर उजाला के माध्यम से ‘हैलो डॉक्टर’ नाम की एक मुहिम शुरू की है। इस मुहिम के तहत हर दिन एक एक्सपर्ट मरीजों के सवालों के जवाब देंगे। एक्सपर्ट की जानकारी एक दिन पहले अखबार में प्रकाशित की जाएगी, ताकि उसी एक्सपर्ट से संबंधित सवाल पूछे जाएं। पहले दिन सेक्टर 21 स्थित ग्लोबल हेल्थ केयर के डायरेक्टर डॉ. संजीव भाटिया ने मरीजों के सवालों के जवाब दिए।
सवाल: मेरी समस्या यूरोलॉजी से संबंधित है। डाक्टर के परामर्श के मुताबिक, मैं 30 दिन से यूरीनफेन की टेबलेट ले रहा था। प्रोस्टेट का साइज भी कुछ बढ़ा हुआ है। 30 दिन हो चुके हैं। कृपया मुझे सलाह दें।
- अतुल सूद, पंचकूला
जवाब: आपकी रिपोर्ट देख ली हैं। आप यूरीनफेन की बजाए ‘यूरीमैक्स डी’ की एक गोली रात में ले सकते हैं। यह दवा आप दो महीने तक खाइए। इससे प्रोस्टेट का साइज भी मेन्टेंन रहेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, आपमें बी12 की कमी है। इसके लिए ‘नर्व अप’ की गोली दिन में एक ले सकते हैं।
सवाल: मै साल 2016 से दिल का मरीज हूं। मैं अब तक डॉक्टर की बताई दवा ले रहा हूं। मार्च के महीने में मुझे रिव्यू के लिए जाना था। लेकिन लॉकडाउन की वजह से नहीं जा सका। कृपया परामर्श दें।
- कुलदीप, चंडीगढ़
जवाब: आप को जो दवा बताई गई है, उसी को लें। यदि कोई दिक्कत आती है तो अस्पताल की इमरजेंसी में दिखा सकते हैं। इमरजेंसी सेवाएं खुली हुई हैं।