चंडीगढ़ से सटे मोहाली में जहां कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, वहीं शहर में पिछले छह दिनों से नया मरीज नहीं आया है। संक्रमितों की संख्या 18 पर स्थिर है। कोरोना को हराकर घर जाने वालों की संख्या सात हो गई है। अन्य 11 मरीजों का अब भी इलाज चल रहा है।
दो अप्रैल के बाद से कोई भी नया मरीज सामने नहीं आने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि बचाव और राहत कार्य पहले की तरह ही जारी हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से बचाव कार्य जारी है। उनका मानना है कि मरीजों की संख्या स्थिर होने पर भी ज्यादा सावधान रहना जरूरी है, क्योंकि इस समय की गई अनदेखी स्थिति बिगाड़ सकती है।
जीएमसीएच के सभी पॉजिटिव पीजीआई में शिफ्ट
सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में भर्ती कोरोना के सभी पॉजिटिव मरीजों को पीजीआई के नेहरू एक्सटेंशन में बनाए गए कोरोना समर्पित हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है। बुधवार को वहां भर्ती कोरोना के आखिरी मरीज को भी पीजीआई के नेहरू एक्सटेंशन में शिफ्ट कर दिया गया। अब पीजीआई में चंडीगढ़ के सभी 11 कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं। पीजीआई प्रशासन के अनुसार सभी मरीजों की हालत स्थिर है।