कोविड-19 को ट्रैक करने में कारगर साबित आरोग्य ऐप को डाउनलोड करने में चंडीगढ़ के लोग बेहतर कार्य कर रहे हैं। देश में इस ऐप की लांचिंग के बाद चंडीगढ़ में अब आरोग्य सेतु ऐप को 1.85 लोगों ने डाउनलोड किया है। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से यह जानकारी साझा करने के बाद डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने शहर के लोगों से अपील की है कि वह इस ऐप को और अधिक डाउनलोड करें। आपको बता दें कि 13 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोग्य सेतु ऐप की लांचिंग की थी।
इस दौरान उन्होंने पूरे देश के लोगों से अपील की थी कि वह कोविड-19 को ट्रैक करने में कारगर इस ऐप को अधिक से अधिक डाउनलोड करें। चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर और एडवाइजर मनोज परिदा ने भी शहर के लोगों से इस ऐप को डाउनलोड करने की अपील की थी। लॉचिंग के बाद अब तक शहर के 1.85 लाख लोग इस ऐप को डाउनलोड कर चुके हैं। डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि ऐप को डाउनलोड करने की संख्या लगातार बढ़ रही है। जल्द ही यह संख्या 2 लाख के पार हो जाएगी।
कर्फ्यू तोड़ने वालों से पुलिस करा रही है डाउनलोड
कर्फ्यू के नियमों को तोड़ने वाले लोगों को सबक सिखाने के दौरान चंडीगढ़ पुलिस इस ऐप को डाउनलोड करवा रही है। इस पहल से अभी तक पुलिस सैकड़ों लोगों को ऐप डाउनलोड करवाने के साथ हजारों लोगों को जागरूक भी कर चुकी है। आरोग्य सेतु ऐप से कोरोना वायरस से फैलने, उसके बचने के उपाय बताने के साथ हॉटस्पॉट एरिया सहित कोरोना संक्रमित के बारे में अलर्ट करती है।