फूड पैकेट तैयार करते सीआरपीएफ के जवान
- फोटो : एएनआई
कोरोना संक्रमण फैलने से देशभर में लॉकडाउन लगा है। ऐसे में जरूरतमंदों को खाना उपलब्ध कराना हर देशवासी का कर्तव्य है। यही कर्तव्य निभाने के लिए सीआरपीएफ भी आगे आई और 51वीं बटालियन ने जरूरतमंदों को बांटने के लिए फूड पैकेट तैयार किए।
दरअसल, लॉकडाउन के कारण लोग घरों में क्वारंटीन हैं, लेकिन एक से दूसरे राज्य में मजदूरी करने के लिए जाने वालों, झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों का काम ठप हो गया है। इसलिए पैसे की कमी के चलते उन्हें खाने के लाले हो गए हैं। पैसे न होने के कारण लोग राशन नहीं खरीद पा रहे और ऐसे लोगों की मदद करने के लिए ही सीआरपीएफ ने हाथ आगे बढ़ाए हैं।
जरूरतमंदों को बांटा खाना
कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन और कर्फ्यू में रोजी-रोटी के लिए बेबस प्रवासी मजदूरों और गरीब परिवारों को भुखमरी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे लोगों की सहायता के लिए कई संस्थाएं आगे बढ़कर सहायता कर रही हैं। चंडीगढ़ की स्टेट अवार्डी समाजसेवी संस्था ने भी जरूरतमंदों को फूड पैकेट बांटे। रविंदर सिंह के अनुसार, रेलवे स्टेशन के नजदीक फॉरेस्ट एरिया में रह रहे सैकड़ों परिवारों को और ट्रांसपोर्ट एरिया में भी फूड पैकेट बांटे गए।