शहर में वीरवार को कोरोना के 18 नए मामले सामने आए, जिनमें से 16 संक्रमित अकेले बापूधाम के हैं। वहीं, एक मरीज सेक्टर-30 जबकि एक अन्य संक्रमित सेक्टर-27 में मिला। एक दिन में शहर और बापूधाम में मिलने वाले संक्रमितों की यह सबसे बड़ी संख्या है।
बापूधाम में कोरोना की चेन नहीं टूटने से प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक की नींद उड़ी हुई है। तमाम कोशिशों के बावजूद प्रशासन बापूधाम में संक्रमण को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। यही वजह है कि यहां पॉजिटिव मरीजों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। उधर, वीरवार को एक कोराना संदिग्ध की मौत हो गई।
स्थिति यह है कि बापूधाम में रोजाना मिलने वाले संक्रमितों की संख्या दहाई में पहुंच गई है। वीरवार को भी शहर यहां 16 मरीज संक्रमित मिले। वीरवार को एक ही दिन में चंडीगढ़ में 18 नए मरीजों के मिलने के बाद अब शहर में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 142 पर पहुंच गई है।
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, वीरवार को मिले 18 नए मामलों में 4 मरीजों की रिपोर्ट बुधवार देर रात आई, जिसमें कोरोना की पुष्टि हुई है। बाकी के 14 मरीजों में वीरवार को कोरोना की पुष्टि हुई। इनमें 16 मरीज बापूधाम के जबकि एक सेक्टर-30 जबकि एक अन्य संक्रमित सेक्टर-27 में मिला।
बापूधाम के मिले नए पॉजिटिव मरीजों में 5 वर्षीय बच्चे के अलावा 33, 38, 62, 36 और 25-25 वर्षीय दो महिलाओं के अलावा 16, 18, 27, 30, 32 और 24 वर्षीय दो युवक शामिल हैं। इनके अलावा 44 और 65 वर्षीय दो पुरुष भी शामिल हैं। वहीं, सेक्टर-27 में 45 वर्षीय पुरुष और सेक्टर-30 में 12 वर्षीय बच्ची संक्रमित मिले हैं। देर रात मिले मरीज जीएमएसएच-16 में भर्ती कराए गए हैं।
उधर, जीएमएसएच-16 में बुधवार को भर्ती बापूधाम के शास्त्री नगर निवासी एक कोरोना के संदिग्ध मरीज की वीरवार रात मौत हो गई। मरीज की उम्र 45 वर्ष थी। मरीज का सैंपल बुधवार दोपहर को लिया गया था लेकिन 24 घंटे गुजरने के बाद भी उसकी रिपोर्ट नहीं आ सकी। उसके साथ आइसोलेशन वार्ड में अन्य चार और संदिग्ध मरीज भी भर्ती थे। उनकी भी रिपोर्ट अभी पेंडिंग है।