पैरा-मेडिकल व नर्सिंग स्टाफ ने किया प्रदर्शन।
श्री गुरु नानक देव जी अस्पताल के पैरा-मेडिकल व नर्सिंग स्टाफ ने सरकार द्वारा कोरोना वायरस से बचाव को जरूरी सामान उपलब्ध न करवाने के विरोध में प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य कर्मचारियों के पास न तो सुरक्षा किट है और न ही औजार। इन कर्मचारियों ने अस्पताल के प्रांगण में पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
तालमेल कमेटी पैरा-मेडिकल सेहत यूनियन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले कई सप्ताह से यूनियन मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और अन्य अधिकारियों से बार-बार आग्रह कर रही है कि इलाज में जुटे डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, दर्जा चार और नर्सिंग स्टाफ को जरूरी उपकरण और किटे उपलब्ध करवाई जाएं। लेकिन प्रबंधन कोई सुनवाई नहीं कर रहा।
पटियाला: तब्लीगी जमाती का कोरोना टेस्ट निगेटिव
निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के मरकज से लौटे पटियाला के बिशन नगर के रहने वाले एक जमाती की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके साथ ही तीन नर्सों समेत राजिंदरा अस्पताल के पांचों कर्मचारियों की भी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन कर्मचारियों ने खुद में कोरोना के लक्षण होने की शिकायत की थी।
इन्हीं कर्मचारियों ने लुधियाना से रेफर होकर राजिंदरा पहुंची 42 साल की कोरोना पॉजिटिव महिला की देखरेख की थी। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि जिले के अब तक 54 संदिग्ध मरीजों के कोरोना सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से एक सैंपल पॉजिटिव आया है, जबकि 53 सैंपल निगेटिव हैं। राजिंदरा के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती देसी मेहमानदारी का कोरोना पॉजिटिव केस अब ठीक है।
गढ़शंकर के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने 1052 लोगों को होम क्वारंटीन किया है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के 954 और गढ़शंकर शहर के 98 लोग शामिल हैं। शुक्रवार को 134 ग्रामीणों और छह शहरियों को क्वारंटीन किया गया। एसएमओ डॉ. टेकराज भाटिया ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव हरभजन सिंह के संपर्क में आए बिल्ड़ों के पुलिसकर्मी को बुखार और खांसी की शिकायत के बाद होशियारपुर जांच के लिए भेज दिया गया है।
फरीदकोट: ईदगाह से जुड़ा एक और परिवार क्वारंटीन
एक दिन पहले जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थानीय ईदगाह में रुके आगरा के चार व्यक्तियों को क्वारंटीन किया था। हालांकि विभाग को सूचना मिली थी कि यह लोग दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में हिस्सा लेकर लौटे हैं लेकिन प्राथमिक पड़ताल में सामने आया है कि यह लोग आगरा से आए हैं। शुक्रवार को सेहत विभाग की टीम ने इन चारों का मेडिकल परीक्षण किया। साथ ही ईदगाह से जुड़े एक और परिवार को भी एकांतवास में रहने के निर्देश दिए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि करीब पांच दिन पहले उन्हें सूचना मिली थी कि ईदगाह में कुछ बाहरी लोग रुके हुए हैं और वह निजामुद्दीन से आए हो सकते हैं। उस दिन ईदगाह में दो लोग मिले थे, जिनका मेडिकल किया गया था। एक दिन पहले दोबारा दौरा करने पर उन्हें आगरा के चार व्यक्ति मिले जिनके बारे में उन्हें पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
इन लोगों के अनुसार यह लोग नौ मार्च को आगरा से आए थे और कुछ दिन कोटकपूरा में भी रुके थे। यह सभी जमात से संबंधित हैं हालांकि इनका दावा है कि इन्होंने निजामुद्दीन में आयोजित मरकज में भाग नहीं लिया है। सेहत विभाग ने इन्हें एकांतवास में रखा है। इसके अलावा यहीं रह रहे एक और परिवार को भी एहतियात के तौर पर क्वारंटीन किया गया है। मेडिकल परीक्षण में सभी की सेहत ठीक पाई गई है। ईदगाह के प्रबंधक दिलावर हुसैन ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से कोई भी बात नहीं छिपाई है।