जालंधर के निजात्म नगर की कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग महिला का बेटा एक सप्ताह बाद कोरोना पॉजिटव मिला। इससे पहले आइसोलेशन के दौरान जांच में कोरोना वायरस निगेटिव आया था। जिसके बाद उसे छुट्टी देकर घर में क्वारंटीन कर दिया गया था। बुखार होने पर उन्हें तीन दिन पहले सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद दोबारा सैंपल जांच को भेजे गए।
बुधवार को अमृतसर मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में वह कोरोना संक्रमित मिला। इसकी पुष्टि कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. टीपी सिंह ने की। वहीं 60 साल के मिट्ठा बाजार के रहने वाले बुजुर्ग भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने निजात्म नगर और मिट्ठा बाजारा को सील कर दिया है। जालंधर के लोगों में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने बेटे के संपर्क में आने वाले लोगों को खोजना शुरू कर दिया है। कोरोना पॉजिटव मिले युवक की मां का लुधियाना में इलाज चल रहा है। जबकि बेटा जालंधर सिविल अस्पताल में दाखिल है। युवक को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और खांसी तेज आ रही थी।
वेदांता का चिकित्सक व स्टाफ क्वारंटीन
युवक की रिपोर्ट जब नेगटिव आई तो उसको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और घर में क्वारंटीन कर दिया गया था। कुछ दिन पहले रवि को खांसी की शिकायत हुई तो वह वेदांता अस्पताल इलाज के लिए आया था। वहां पर उसकी ओपीडी पर्ची बनी और वह चेस्ट स्पेशलिस्ट के कमरे में चले गए।
डॉक्टर ने जब युवक का पता पूछा तो उन्होंने नारायण नगर बताया जो निजात्म नगर के साथ ही है। युवक ने बताया कि उनकी माता जी का कोरोना पॉजिटिव आया था। डॉक्टर ने तत्काल युवक को घर रहने की सलाह देकर वापस भेज दिया। तीन दिन पहले युवक की हालत ज्यादा खराब हुई तो सिविल अस्पताल भर्ती किया गया। युवक की वजह से वेदांता के डॉक्टर और स्टाफ ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है।