लुधियाना से कोरोना फिरोजपुर पहुंच गया है। लुधियाना के एसीपी का चालक कांस्टेबल पॉजिटिव पाया गया है। कांस्टेबल दो दिनों के भीतर अपने गांव के अलावा फिरोजपुर शहर व छावनी के कई लोगों से मिला था। स्वास्थ्य विभाग ने गांव वाड़ा भाई और कास्टेबल का घर सील कर दिया है।
डीसी कुलवंत सिंह ने बताया कि कांस्टेबल लुधियाना में पंजाब पुलिस के एसीपी रैंक के अधिकारी का चालक था। कुछ दिन पहले उक्त अधिकारी व उसकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसीलिए कांस्टेबल के सैंपल लेकर टेस्ट को भेजे थे, जो पॉजिटिव मिला है। प्रभजोत के गांव वाड़ा भाई के लोगों और उसके परिजनों के प्राइमरी और सेकेंडरी टेस्ट किए जा रहे हैं।
पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू
गांव वाड़ा भाई में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन ने पंजाब सरकार की तरफ से निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने पॉजिटिव मरीज को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। साथ ही उसके पारिवारिक सदस्यों को एहतियातन होम क्वारंटीन भी कर दिया है। यह जानकारी फिरोजपुर के डीसी कुलवंत सिंह ने दी।
डीसी ने बताया कि लुधियाना प्रशासन की तरफ से डीसी कार्यालय को 15 अप्रैल को सूचना भेजी गई थी, जिसमें उक्त मरीज के संपर्क में आए लोगों की तलाश करने के लिए लिखा गया था। लुधियाना प्रशासन की तरफ से चिट्ठी मिलते ही जिला प्रशासन की तरफ से उसी वक्त उक्त मरीज के संपर्क में आए लोगों को ढूंढने की मुहिम शुरू कर दी गई।
गांव को सील करके सरकार की तरफ से निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उक्त मरीज के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। एसडीएम अमित गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. नवदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी खुद गांव में बैठकर सारी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं।
शुक्रवार को जालंधर में कोरोना के सात नए केस सामने आए हैं। शाम को तीन रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। इसमें समाचार पत्र के सब एडिटर के दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सब एडिटर के पिता को कोरोना हो गया था और वह अस्पताल में इलाजरत हैं। इसके अलावा एक कांग्रेस नेता के संपर्क में आने वाला नीलामहल का एक युवक भी संक्रमित पाया गया है।
कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. टीपी सिंह के मुताबिक, राजा गार्डन में रहने वाले एक मरीज की 68 वर्षीय मां, उसका एक साल का भतीजा, 8 साल की बेटी के सैंपल पॉजिटिव आए हैं। वहीं पुरानी सब्जी मंडी में पॉजिटिव आई महिला का 24 वर्षीय बेटा भी कोरोना से ग्रस्त पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को आइसोलेट कर दिया है और उनके आगे संपर्क की सूची तैयार की जा रही है।
शहर में कोरोना वायरस का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। रेड जॉन में शामिल हो चुके जालंधर में प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। जालंधर के डीसी ने आठ इलाके हॉटस्पॉट घोषित कर दिये हैं। जिसमें भैरों बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, मकसूदां, निजात्म नगर, बस्ती शेख, नारायण नगर, एसएएस नगर व गांव विरका शामिल हैं। इसके अलावा तीन इलाकों सेंट्रल टाउन, रेलवे रोड व कूल रोड को अंडर ऑब्जर्वेशन रखा गया है।
गुरदासपुर के लिए राहत की खबर है। कोविड-19 मरीज के संपर्क में आने वाले चार अन्य संदिग्धों के सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। गुरदासपुर में अभी तक कोविड-19 मरीज के संपर्क में आने वाले कुल 61 लोगों को ट्रेस कर उनके सैंपल लिए गए थे जो सभी निगेटिव पाए गए हैं। इसकी पुष्टि डीसी की ओर से की गई।
मृतक पाठी की पत्नी भी जीती कोरोना से जंग
होशियारपुर में कोरोना से जान गंवाने वाले गांव मोरांवाली के हरभजन सिंह की पत्नी ने कोरोना पर जीत हासिल कर ली है। शुक्रवार को सिविल अस्पताल से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उन्हें फूल व उपहार भेंट कर घर के लिए रवाना किया। डीसी अपनीत रियात ने कहा कि जिला प्रशासन परिवार के साथ हर समय है।
इस दौरान परमजीत कौर ने अपने जीवन साथी के आखिरी पलों में साथ न देने का दुख जाहिर किया। सीनियर मेडिकल अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया कि परमजीत कौर की बहू और भाभी के सैंपल लैब भेजे हैं। इस मौके पर सीनियर मेडिकल अधिकारी डॉ. नमिता घई और नोडल अधिकारी सैलेश कुमार उपस्थित थे।