कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे सेहत विभाग के कर्मचारियों पर हमलों की लिस्ट में रविवार को लुधियाना का नाम भी जुड़ गया। शेरपुर चौक के पास मुस्लिम कॉलोनी में दो संदिग्ध लोगों की जांच करने पहुंची सेहत विभाग की पांच सदस्यीय टीम पर कुछ लोगों ने लाठियों से हमला कर दिया। हमले में सेहत मुलाजिमों को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही थाना मोती नगर की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
एसएमओ साहनेवाल डॉ. पूनम गोयल ने बताया कि रविवार को सेहत विभाग को सूचना मिली कि मुस्लिम कॉलोनी में दो लोगों में कोरोना के लक्षण दिख रहे हैं। विभाग की पांच सदस्य टीम इलाके में जांच करने के लिए गई। जैसे ही सेहत कर्मी वहां पहुंचे, आसपास के काफी लोग बाहर निकल आए और टीम को घेर लिया।
भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने लाठियों से मुलाजिमों की पिटाई कर दी। इसकी सूचना तुरंत आला अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया गया है। सेहत विभाग के मुलाजिम अपने काम में डटे हुए हैं।
सेहत विभाग की टीम बिना पुलिस सुरक्षा के उस एरिया में गई थी। वहां पर कुछ लोगों ने टीम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर तकरार हो गई। पुलिस ने मुलाजिमों को सुरक्षित सिविल अस्पताल पहुंचा दिया है। मामले की जांच चल रही है आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
- सुरिंदर सिंह, प्रभारी, थाना मोती नगर