चंडीगढ़ में लगातार कोरोना पीड़ितों की बढ़ती संख्या के बीच राहत की खबर है। रविवार को सेक्टर-33 निवासी 32 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की बेटी कोरोना वायरस को मात देकर घर पहुंच चुकी हैं। रविवार सुबह दोनों को पीजीआई से डिस्चार्ज कर दिया गया।
अभी महिला का पति, 10 साल की बेटी और मां तीनों फिलहाल आइसोलेशन वार्ड में हैं। ठीक होकर लौटी महिला अपने पति के साथ 10 माह की बेटी व 10 साल की बेटी को लेकर चंडीगढ़ आई थी। यहां आकर जांच करवाने पर 28 मार्च को चारों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी।
इसके बाद महिला की सास व मां की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। चंडीगढ़ में कोरोना को मात देकर अब तक 16 लोग अपने घर पहुंच चुके हैं। वहीं 14 मरीज कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। बता दें कि शनिवार को शहर में कोरोना के दो नए मामले सामने आने पर प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक में हड़कंप मच गया है। लेकिन दो मरीजों के ठीक होने की खबर काफी राहत भरी है।
चंडीगढ़ में कब-कब मिले मरीज
- 18 मार्च को पहले मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई।
- 20 मार्च को उस मरीज के संपर्क में आये उसके भाई, कुक और मां की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
- 20 मार्च को ही यूके (यूनाइटेड किंगडम) से एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
- 25 मार्च को दुबई से लौटे एक युवक में कोरोना की पुष्टि हुई।
- 28 मार्च को उस युवक की मां की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
- कनाडा से लौटे दम्पति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
- 30 मार्च को 5 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई।
- 31 मार्च को 2 मरीजों में हुई कोरोना की पुष्टि।
- 01 अप्रैल को सेक्टर- 35 निवासी एक मरीज में हुई कोरोना की पुष्टि।
- 02 अप्रैल को सेक्टर- 33 निवासी 59 साल की महिला और 10 माह की बच्ची में कोरोना की पुष्टि।
- 10 अप्रैल को सेक्टर- 37 सी निवासी पीयू के प्रोफेसर में कोरोना की पुष्टि।
- 12 अप्रैल को सेक्टर- 37 सी निवासी पीयू के प्रोफेसर की सास और 8 साल की बेटी में हुई कोरोना की पुष्टि।
- 17 अप्रैल को पीजीआई में काम करने वाले एक हेल्थ वर्कर और सेक्टर- 30 निवासी महिला की रिपोर्ट आई पॉजिटिव।
- 19 अप्रैल को सेक्टर- 30 निवासी कोरोना पॉजिटिव महिला के पति, बेटे और पोती में कोरोना की पुष्टि।
- 20 अप्रैल को सेक्टर- 18 निवासी 82 साल की वृद्धा में हुई कोरोना की पुष्टि।
- 24 अप्रैल को बापूधाम कॉलोनी निवासी युवक में हुई कोरोना की पुष्टि।
- 25 अप्रैल को मौलीजागरां निवासी जीएमसीएच के ओटी अटेंडेंट में हुई कोरोना की पुष्टि।
- 25 अप्रैल को ही बापूधाम कालोनी के पॉजिटिव के पिता में कोरोना की पुष्टि हुई।
- 26 अप्रैल को एक साथ छह नए मामले आने से हड़कंप। इनमें से चार बापूधाम निवासी पॉजिटिव के परिवार के लोग हैं।