फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Virus: पंजाब में तीसरा मामला आया सामने, एक मरीज की मौत, दूसरे की हालत में सुधार नहीं

Sat, 21 Mar 2020 09:46 AM IST
खुशबू गोयल अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

  • महिला के परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस की मदद से पहुंचाए अस्पताल।
  • बहन, बेटे और पड़ोसियों समेत इलाके के पंद्रह लोग किए होम आइसोलेट।
  • कोरोना पॉजीटिव महिला पर केस दर्ज, लोगों की जान डाली थी खतरे में।
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वीआईपी शहर मोहाली में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। फेज-3ए में एक बुजुर्ग महिला (69) कोरोना पॉजिटिव मरीज मिली है। यह जिले का पहला जबकि पंजाब का तीसरा पॉजिटिव केस है। महिला सात दिन पहले यूके से आई थी, जिसे प्रशासन ने शुक्रवार सुबह पुलिस की मदद से सिविल अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है। 

विज्ञापन


इसके अलावा बुजुर्ग महिला की बहन (74) और बेटे (37) को भी सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उनके सैंपल भी लैब भेजे गए हैं। वहीं, महिला के संपर्क में आए पड़ोसी व रिश्तेदारों समेत पंद्रह लोगों को होम आइसोलेशन पर रखा गया है। वहीं, बुजुर्ग महिला की बहन व बेटे ने अस्पताल जाते समय हेल्थ व पुलिस की टीम से काफी बहस और आनकानी की थी। इसके चलते और लोगों का जीवन भी खतरे में पड़ गया था। ऐसे में उक्त महिला पर प्रशासन ने केस दर्ज कराया है। 

जिस बुजुर्ग महिला को कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है, वह 13 मार्च को अपनी बहन के साथ यूके से आई थी। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनकी स्क्रीनिंग हुई थी। लेकिन इसमें किसी भी तरह का कोई लक्षण नहीं पाया गया था। इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया था। इसी बीच महिला को खांसी आदि की शिकायत हुई तो महिला व उसके परिजनों ने फेज-छह के एक नामी अस्पताल से संपर्क किया। 
विज्ञापन


वहां महिला का कोरोना टेस्ट लिया गया, जिसमें कोरोना की पुष्टि हो गई। जैसे ही यह रिपोर्ट संबंधित अस्पताल में पहुंची तो उन्होंने सिविल सर्जन को इस बारे में बताया। सेहत विभाग की टीम तुरंत फेज-तीन ए महिला के घर पहुंची। लेकिन महिला व उसके पारिवारिक सदस्य अस्पताल जाने को तैयार नहीं थे। 

जीवन खतरे में डालने की धारा जोड़कर केस दर्ज

महिला का कहना था कि अस्पताल वालों ने गलत रिपोर्ट दी है। टीम ने इस संबंध में हेल्थ विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद डीसी के आदेश पर पुलिस टीम के सहयोग से महिला को बहन व बेटे समेत सिविल अस्पताल लाया गया। उनके सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, डीसी ने बताया कि महिला के खिलाफ गंभीर बीमारी की वजह से लोगों का जीवन खतरे में डालने की धारा जोड़कर केस दर्ज किया गया है। 

पड़ोसियों व रिश्तेदारों को रखा होम आइसोलेशन पर
सिविल सर्जन डॉ मनजीत सिंह ने बताया कि जिस एरिया से महिला पॉजिटिव मिली है। उनकी टीम ने उस सारे इलाके को सैनेटाइज किया है। जिन पड़ोसियों व रिश्तेदारों के संपर्क में महिला सात दिनों में आई थी, उन करीब पंद्रह लोगों को भी होम आइसोलेशन पर रखा गया है। सबकी टैगिंग करवाई गई है। आसपास के इलाके के लोगों से भी संपर्क किया जा रहा है। यह सभी 14 दिन होम आइसोलेशन पर रहेंगे।

मोहाली: पीजीआई से भागी महिला की कोरोना रिपोर्ट आई निगेटिव
कोरोना मरीज के सामने आने के बाद मुश्किल में चल रहे जिला प्रशासन के लिए शुक्रवार शाम काफी राहत भरी रही। क्योंकि सेक्टर-68 की कोरोना की संदिग्ध मरीज का सैंपल टेस्ट निगेटिव आया है। इसका मतलब है कि वह पूरी तरह से स्वस्थ है। यह महिला गुरुवार सुबह पीजीआई से इलाज के दौरान भाग गई थी। इससे जिला प्रशासन आफत में आ गया था। 

महिला 14 दिन के लिए होम आइसोलेशन पर

वहीं, जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि महिला अब सेहत विभाग का पूरा सहयोग कर रही है। वहीं, महिला को 14 दिन के लिए होम आइसोलेशन पर रखा गया है। डीसी गिरीश दियालन ने बताया कि उसकी ट्रैवल हिस्ट्री मांगी गई है। महिला के मुताबिक, वह दो महीने पहले विदेश गई थी। जांच के बाद यदि जरूरत हुई तो उसके खिलाफ दर्ज किया गया केस रद्द कर दिया जाएगा। 

नवांशहर निवासी बुजुर्ग की मौत
एसबीएस नगर (नवांशहर) में हुई इस मौत के साथ ही देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या चार पहुंच गई है। 70 वर्षीय जिस बुजुर्ग की मौत हुई है, वह 7 मार्च को जर्मनी से इटली के रास्ते दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा था। उसी दिन वह अपने गांव पहुंच गया था। वह पहले से ही मधुमेह और उच्च रक्तचाप का मरीज था। उसे घर में ही चिकित्सीय निगरानी में रखा गया था।

 

होशियारपुर निवासी की हालत में सुधार नहीं

4 मार्च को इटली से लौटा होशियारपुर निवासी अभी भी कोरोना संक्रमण से मुक्त नहीं हो पाया है। सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थित इंफ्लुएंजा लैब में दूसरी बार हुई जांच में भी वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इससे पहले इस व्यक्ति के खून की जांच पहले एम्स दिल्ली में हुई थी, जहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद 7 मार्च को उसका सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी लैब पुणे भेजा गया। पुणे से 9 मार्च को आई रिपोर्ट में भी उसे कोरोना पॉजिटिव घोषित किया गया।

कोरोना पॉजिटिव यह मरीज अपने 15 वर्षीय बेटे व पत्नी के साथ इटली से लौटा था। उसकी पत्नी व बेटे के सैंपल की भी जांच की गई, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। दरअसल, इस शख्स के बेटे की प्राथमिक टेस्ट रिपोर्ट एम्स से पॉजिटिव बताई गई थी, लेकिन पुणे की लैब में इसे निगेटिव बताया गया। यह शख्स गुरुनानक देव अस्पताल अमृतसर स्थित आइसोलेशन वॉर्ड में उपचाराधीन है। आइसोलेशन वॉर्ड में संदिग्ध मरीजों को भी प्रतिदिन लाया जा रहा है। उस व्यक्ति को अलग कक्ष में रखा गया है।
विज्ञापन

छह गांवों में धारा 144 और नाकेबंदी

एक ही परिवार के छह सदस्यों के संदिग्ध होने की सूचना के बाद गांव मोरांवाली, अैमां जट्टां, बिन्जों, सून्नी, नूरपुर जट्टां और पोसी में धारा 144 लगा दी और सभी गांवों में लोगों का आना जाना बंद कर दिया गया। इसके अलावा सभी गांवों में गुरुद्वारों और मंदिरों से अनाउंसमेंट करवा दी गई कि कोई भी अपने घर से बाहर न निकले। सभी गांवों में पुलिस तैनात कर दी गई है। किसी के भी आने जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। यह सभी लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए किया जा रहा है। 
सतीश कुमार, डीएसपी, गढ़शंकर

गढ़शंकर के छह गांवों में जिलाधीश के निर्देशों के तहत धारा 144 लगा दी गई है और अनाउंसमेंट करवा कर लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। यह सभी कदम एहतियात के तौर पर उठाए जा रहे हैं। 
हरबंस सिंह, एसडीएम, गढ़शंकर 

सात गांवों में 5 लोगों से अधिक के एकत्र होने पर पाबंदी
 
गांव पठलावा में कोरोना पीड़ित की मौत के बाद जिला प्रशासन की ओर से आसपास के 7 गांवों में 5 से ज्यादा लोगों के एकत्रित होने पर पाबंदी लगा दी है। डीसी विनय बुबलानी की ओर से जारी किए गए आदेश के तहत गांव माहिल गहिलां, लधाना उच्चा, लधाना झिक्का, गोबिंदपुर, पद्दी मठवाल, अटारी व रामपुर में 5 से ज्यादा लोगों के एक जगह एकत्रित न होने के आदेश दिए गए हैं। गांव पठलावा में एक बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। बुजुर्ग जर्मनी से इटली होते हुए कुछ दिन पहले ही भारत आए थे। जांच में वह कोरोना पीड़ित निकले थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें