सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि जिले में 4 अप्रैल को कोरोना का पहला पॉजिटिव केस सामने आया था और उसके बाद श्री हजूर साहिब से लौटे 51 श्रद्धालुओं समेत जिला फरीदकोट में कोरोना के कुल 62 पॉजिटिव हो गए थे। मेडिकल अधीक्षक डॉ. राजीव जोशी ने बताया कि डिस्चार्ज किए गए सभी मरीजों को सरकार की हिदायतों के अनुसार कोवा एप डाउनलोड करवाया गया। इस एप के माध्यम से जीपीएस द्वारा ट्रैक किया जा सकेगा और वह अपनी सेहत के बारे में अपडेट कर सकेंगे।
कपूरथला में एक और कोरोना पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में कपूरथला का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आया है। चार दिन बाद कपूरथला में कोरोना संक्रमित केस आने से एक्टिव केस की संख्या आठ हो गई है। सिविल अस्पताल के आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. राजीव भगत ने बताया कि 23 मई को गांव जैद का 35 वर्षीय युवक महाराष्ट्र से गांव पहुंचा था।
उसी दिन सब-डिवीजन हेल्थ सेंटर भुलत्थ की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। सोमवार सुबह उसकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे सिविल अस्पताल कपूरथला के आइसोलेशन वार्ड में लाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस नए केस के साथ कपूरथला में एक्टिव केस की संख्या आठ हो गई है।
ढाहां कलेरां अस्पताल में उपचारधीन कोरोना पॉजिटिव दोनों मरीजों को सोमवार को छुट्टी मिलने के बाद नवांशहर कोरोना मुक्त जिला हो गया है। जिले में कोरोना के कुल 113 मरीज थे, जिसमें से एक की मौत हो गई थी। नवांशहर से ही कोरोना का पहला मरीज प्रदेश में सामने आया था। सोमवार को दोनों मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। डीसी विनय बुवलानी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए शानदार काम के लिए उनकी प्रशंसा की। बंगा की एसएमओ डॉ. कविता भाटिया ने बताया कि दोनों मरीजों को सोमवार को छुट्टी दे दी गई है।
जालंधर में कोरोना के 16 नए मरीज मिले
जालंधर जिले में सोमवार को कोरोना के 16 नए मामले सामने आए हैं और इसी के साथ संख्या 228 तक पहुंच गई है।
पठानकोट में 5 नए कोरोना संक्रमित, संख्या 44 पहुंची
सात दिन पहले कोरोना मुक्त पठानकोट में सोमवार को फिर 5 नए मामले सामने आए हैं। इससे पठानकोट में अब कुल मरीज 44 हो गए है। नए 5 मामलों को मिलाकर 15 एक्टिव केस हैं। 2 की मौत हो चुकी है और बाकी इलाज के बाद घरों को लौट चुके हैं। शहर में तेजी से बढ़ रहे संक्रमितों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार देर शाम पठानकोट के 31 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई। इनमें से 5 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसकी पुष्टि सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. भूपिंद्र सिंह ने की।
इनमें एक संक्रमित हरिनगर कालोनी निवासी फास्ट फूड कार्नर चलाने वाले व्यक्ति की पत्नी है, जबकि बाकी के चार केस लमीनी निवासी डमटाल के आढ़ती के पारिवारिक सदस्य हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पॉजिटिव आए लोगों में लमीनी निवासी 4 वर्षीय बच्ची भी शामिल हैं। एसएमओ ने बताया कि आढ़ती के परिवार से 10 लोगों के सैंपल लिए थे, जिनमें से 6 निगेटिव और 4 पॉजिटिव आए हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम आढ़ती के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
अमृतसर में सोमवार को छह नए पॉजिटिव मरीज रिपोर्ट हुए। रानी का बाग निवासी पॉजिटिव शख्स के चार परिजनों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं बीते रविवार पाम गार्डन कॉलोनी मजीठा रोड निवासी संक्रमित शख्स की पत्नी व बेटा भी पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल स्थित आइसोलेशन वॉर्ड में दाखिल करवाया गया है। चिंताजनक पहलू यह है कि सभी का कोई यात्रा इतिहास नहीं है।
विजयनगर के 16 लोग क्वारंटीन
बटाला रोड स्थित विजय नगर में रविवार को एक शख्स के कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 16 लोगों को क्वारंटीन किया है। इनमें पॉजिटिव के स्वजन, दो पड़ोसी, सब्जी विक्रेता भी शामिल हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें विजय नगर पहुंचीं और इन लोगों को श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल स्थित क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया गया।
थाना बी डिवीजन में कार्यरत पांच एएसआई सहित 16 कर्मचारियों के सैंपल लिए
थाना बी डिवीजन में बंद एक हवालाती के कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने थाने में कार्यरत स्टाफ को क्वारंटीन किया है। पांच एएसआई सहित 16 पुलिस कर्मचारियों के सैंपल लेकर जांच के लिए इंफ्लुएंजा लैब भेजे गए हैं। कोरोना पॉजिटिव हवालाती को पूर्व में ही आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करवाया जा चुका है। यह हवालाती सुल्तानविंड रोड पर हुए गोलीकांड में वांछित था।
पटियाला: राजपुरा की गर्भवती महिला संक्रमित
राजपुरा के गर्ग कालोनी की रहने वाली 20 साल की गर्भवती महिला सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाई गई। यह महिला दिल्ली से लौटी थी, जिस कारण इसका सैंपल लिया गया था। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि इस तरह से अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की गिनती 112 पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव गर्भवती महिला को सरकारी राजिंदरा अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करा दिया गया है। साथ ही विभाग की टीमों की ओर से पॉजिटिव केस के घर व आसपास के घरों में स्प्रे करा दिया गया है।