फिरोजपुर सिविल अस्पताल में कोरोना संदिग्ध एक व्यक्ति पहुंचा है। उसे डॉक्टरों ने फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज रेफर किया है। मेडिकल कॉलेज में उक्त व्यक्ति के सभी टेस्ट किए जा रहे हैं। इसके अलावा विदेश से फिरोजपुर में तकरीबन 780 लोग पहुंचे हैं जो सेहत विभाग की निगरानी में हैं। उधर, सिविल अस्पताल के एसएमओ डा. अविनाश जिंदल ने बताया कि गांव सतियां वाला निवासी सोना सिंह का चेकअप कराने के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अब तक उसकी रिपोर्ट उनके पास नहीं पहुंची है।
सिविल अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि अधिकांश केस उनके पास खांसी और जुकाम के आ रहे हैं। उनका चेकअप कर उन्हें दवा देकर घर में ही रहने की हिदायत दी जा रही है। अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में कोई मरीज दाखिल नहीं है। रविवार को एक मरीज गांव सतिया वाला से उनके पास पहुंचा था। उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण उसे फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है।
वहां पर उसके सभी टेस्ट किए जा रहे हैं। उन्हें उक्त व्यक्ति कोरोना संदिग्ध लग रहा था लेकिन जब तक रिपोर्ट उनके पास नहीं पहुंचती तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता है। दूसरी तरह, विदेश से फिरोजपुर में तकरीबन 780 लोग पहुंचे हैं। उनके नामों की सूची सिविल अस्पताल फिरोजपुर में है। उक्त सभी लोग सेहत विभाग की निगरानी में है और सभी का चेकअप किया जा चुका है। जो लोग विदेश से फिरोजपुर में पहुंच रहे हैं उनके नामों की जानकारी सिविल अस्पताल में पहुंच रही है।