चंडीगढ़ प्रशासन ने कोरोना जांच के शुल्क को लेकर अहम फैसला लिया है। यह चौथी बार है जब प्रशासन ने निजी लैब या अस्पताल में कोरोना जांच के लिए शुल्क तय किए हैं। नए आदेश के मुताबिक, अब लोग 900 रुपये में कोरोना की आरटीपीसीआर जांच और 500 रुपये में रैपिड एंटीजन जांच करा सकेंगे। प्रशासन के इस कदम से शहर में कोरोना जांच कराने में लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।
यूटी प्रशासन के स्वास्थ्य सचिव की तरफ से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि शहर में कोरोना की स्थिति और निजी लैबों से बातचीत करने के बाद ही जांच के शुल्क को कम करने का फैसला लिया गया है।
साथ ही निजी लैबों को हिदायत भी दी गई है कि कोई भी लैब कोरोना जांच के लिए इससे ज्यादा शुल्क न वसूले। इससे पहले आरटी-पीसीआर जांच 1200 रुपये जबकि रैपिड एंटीजन जांच 500 रुपये में की जा रही थी।
प्रशासन का मानना है कि जांच शुल्क कम करने के बाद सरकारी अस्पतालों में होने वाली भीड़ पर रोक लगेगी। अब लोग खुद अपनी जांच करा सकेंगे। शहर के सरकारी अस्पतालों में कोरोना जांच मुफ्त में हो रही है। इस समय बड़ी संख्या में लोग प्राइवेट लैब में जांच करवा रहे हैं लेकिन जांच के दाम कम करने की भी मांग कर रहे थे।