भारतीय जनता पार्टी की लीडर साध्वी प्राची ने यूपी के मंत्री आजम खान पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि ऐसे नेता को पाकिस्तान भेज देना चाहिए, अगर जरूरत पड़ी तो मैं अपनी जेब से उनका पाकिस्तान का टिकट बुक करवा दूंगी।
बीजेपी की सांसद और विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में भाजपा की दलित मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हिस्सा लेने आई थीं।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग केस में नाम आने पर शिरोमणि अकाली दल ने दलित मंत्री सरवण सिंह फिल्लौर को पदमुक्त कर दिया जबकि राजस्व मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया को पावरफुल बना रखा है। पंजाब में बड़ी संख्या में दलित समुदाय के लोग हैं और दलित उत्पीड़न की घटनाएं भी पंजाब में काफी अधिक हैं।
केंद्र सरकार में दलितों को पूरा अधिकार और प्रतिनिधित्व मिला हुआ है। पंजाब में दलित विधायकों और मंत्रियों को खुड्डे लाइन लगाया हुआ है। राम मंदिर के मुद्दे पर साध्वी प्राची ने कहा कि अभी चार साल का वक्त पड़ा है, मंदिर का निर्माण इस दौरान हो जाएगा। काफी कुछ पाइपलाइन में है।