जालंधर-होशियारपुर-चिंतपूर्णी मार्ग का निर्माण 1 अप्रैल से होगा। इसको हरी झंडी मिल गई है। यह मार्ग बनने से हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला और मैक्लोडगंज जाने वाले पर्यटकों को भी सुविधा होगी।
जालंधर और होशियारपुर के रास्ते हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों-माता चिंतपूर्णी, ज्वाला जी और चामुंडा देवी के दर्शनों को जाने वालों का रास्ता आसान होने वाला है। पंजाब सरकार ने जालंधर-होशियारपुर-चिंतपूर्णी मार्ग के निर्माण को हरी झंडी दे दी है और 1 अप्रैल से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। यह मार्ग बनने से हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला और मैक्लोडगंज जाने वाले पर्यटकों को भी सुविधा होगी।
विज्ञापन
पंजाब के राजस्व मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 39 किमी. लंबे इस मार्ग के लिए 13.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस मार्ग का 14 किमी. हिस्सा जालंधर जिले में और 25 किमी. हिस्सा होशियारपुर जिले में आता है। सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और 1 अप्रैल से काम शुरू हो जाएगा।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर तीर्थ स्थलों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पूरे साल लाखों में रहती है। लंबे समय से यह मार्ग खस्ता हाल में है, जिस कारण आने-जाने वाले वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इससे 39 किमी. की यह दूरी तय करने में समय भी बहुत अधिक लगता है।