पंजाब के बाद अब चंडीगढ़ पुलिस भी आतंकियों के निशाने पर है। आतंकी गोली चंडीगढ़ सेंट्रल डिविजन के थाने पर ग्रेनेड हमले की साजिश रच रहा है। इसके अलावा सीआईए पुलिस स्टेशन खरड़ भी आतंकी के निशाने पर है।
अमेरिका में आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया की गिरफ्तारी के बाद उसके साथी गोपी नवांशहरिया ट्राइसिटी में दहशत फैलाने की फिराक में है। अमेरिका में बैठा आतंकी गोपी नवांशहरिया खरड़ क्राइम ब्रांच (सीआईए) और चंडीगढ़ के सेंट्रल डिवीजन के एक पुलिस थाने को ग्रेनेड से उड़ाने की साजिश रच रहा है।
विज्ञापन
इस खुफिया जानकारी के बाद चंडीगढ़ और मोहाली पुलिस पूरी तरह से हाई अलर्ट पर हैं। इसके चलते सीआईए और सेंट्रल डिवीजन के एक थाने की सुरक्षा तत्काल प्रभाव से बढ़ा दी गई है। सूत्रों का कहना है कि आतंकी ने हमले को अंजाम देने के लिए रेकी भी करवा ली है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर चंडीगढ़ और मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ऐसे किसी भी इनपुट से इन्कार कर रहे हैं।
पुलिस के एक उच्चाधिकारी ने खुफिया जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि आतंकी गोपी नवांशहरिया खरड़ सीआईए और चंडीगढ़ सेंट्रल डिवीजन के एक थाने को ग्रेनेड से उड़ाने साजिश रच रहा है। चंडीगढ़ पुलिस ने गोपी नवांशहरिया को साल 2020 में भी गिरफ्तार किया था, और उस समय उसके गैंगस्टर दिलप्रीत बाबा के साथ संबंध सामने आए थे।