पुलिस को दी शिकायत में जतिंदरपाल ने बताया कि जब वह किलियांवाली बूथ के वापस जा रहे थे तो किलियांवाली बूथ के पास सुखबीर बादल अपने करीब 100 साथियों के साथ आए और उसकी गाड़ी को घेर लिया। सुखबीर के काफिले में चल रहीं गाड़ियों में सवार युवा उतरकर उनकी गाड़ी की तरफ आए तो उन्होंने भागकर जान बचाई। इस बीच उनका एक साथी सुखबीर के साथियों ने पकड़ लिया। जिसे सुखबीर ने पास में खडे़ होकर बुरी तरह पिटवाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुखबीर बादल के इशारे पर ही किलियांवाली में माहौल खराब किया गया। कांग्रेस नेता जतिंदरपाल ने बताया कि बादल पिता पुत्र ने सुबह ही बूथ पर आकर माहौल को खराब किया। सुखबीर बादल व उनके साथियों की ओर की गई पिटाई एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसके आधार पर वह सुखबीर व उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं। कांग्रेस नेता की शिकायत के बारे में जब पुलिस चौकी किलियावाली के प्रभारी से संपर्क करना चाहा तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
सुखबीर बादल पर एएसआई का मोबाइल छीनने के आरोप
पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर कांग्रेस नेताओं ने एक एएसआई शमशेर सिंह का मोबाइल छीनने के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेता ने बताया कि जब एएसआई किलियांवाली के बूथ 48, 49, 50 पर ड्यूटी कर रहा था तो बूथ पर पहुंचे सुखबीर बादल ने किसी बात पर तैश में आकर एएसआई का मोबाइल छीन लिया। संवेदनशील जिला परिषद किलियांवाली जोन के मंडी किलियांवाली में 4500 के करीब वोट हैं।
जिसके चलते मंडी के ही लोग जिला परिषद के उम्मीदवार की जीत का फैसला करते हैं। इसी कारण दोनों प्रमुख पार्टियों के प्रमुख नेता किलियांवाली मंडी को ज्यादा तरजीह दे रहे थे। अकाली दल की तरफ से बादल परिवार के अति नजदीकी तेजिंदर सिंह मिढूखेड़ा चुनाव मैदान में है। इसके चलते बादल परिवार की साख दांव पर है।