चंडीगढ़। कांग्रेस पार्टी पानी के बढ़े रेट के विरोध में आंदोलन की तैयारी में है। इस संबंध में तीन अप्रैल को कांग्रेस पार्टी ने कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। यह बैठक सेक्टर 35 के कांग्रेस भवन में दोपहर बाद तीन बजे होगी। इसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला करेंगे। सुभाष चावला ने बताया कि कांग्रेस के अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल विशेष रूप से उपस्थित होंगे।
उन्होंने कहा कि बैठक में पानी की बढ़ी दर के विरोध में आंदोलन की रूपरेखा तय करनी है। भाजपा ने शहर के लोगों के ऊपर बड़ा आर्थिक भार लाद दिया है। कांग्रेस पार्टी जनता के हित के लिए काम करती है। पार्टी चुप करके नहीं बैठ सकती। सुभाष चावला ने कहा कि बैठक में कार्यकारिणी के पदाधिकारियों में एआईसीसी सदस्य, सभी उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, संगठन सचिव, आमंत्रित सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, कोषाध्यक्ष, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद, पूर्व प्रत्याशी, फ्रंटल संगठनों के चेयरमैन, सीटीसीसी के चेयरमैन सहित अन्य सभी विभागों के चेयरमैन उपस्थित होंगे। सुभाष चावला ने बताया कि इस संबंध में सभी को सूचित कर दिया गया है।