कांग्रेस में एक बार फिर निकाय चुनाव से ऐन पहले बगावत हो गई है। टिकट वितरण से नाराज फगवाड़ा के पूर्व विधायक और मौजूदा प्रदेश महासचिव जोगिंदर सिंह मान समेत 41 लोगों ने पद से इस्तीफा दे दिया है। कई और जिलों में भी बगावती सुर उठने लगे हैं। कई जगह विधायक टिकट वितरण से नाराज हैं।
जोगिंदर मान ने बताया कि मंगलवार रात साढ़े ग्यारह बजे उन्होंने प्रदेश प्रधान प्रताप बाजवा के साथ फगवाड़ा के सभी निगम उम्मीदवार फाइनल किए थे। बुधवार को नामांकन भरने का आखिरी दिन था। एकाएक दो वार्डों के उम्मीदवार बदल दिए गए। पहले वार्ड 21 से प्रो. अशोक चड्ढा और वार्ड 49 से आगम पराशर का टिकट फाइनल किया गया था। बुधवार दोपहर पौने तीन बजे दोनों के टिकट काट कर किसी और को दे दिए गए।
मान ने कहा कि उसके बाद से प्रदेश प्रधान प्रताप बाजवा फोन नहीं उठा रहे हैं। इस फैसले के खिलाफ उनके समेत फगवाड़ा के 41 कांग्रेसियों ने पद से इस्तीफा दिया है। जिनमें दो ब्लॉक प्रधान संजीव बग्गा व दलजीत राजू, सेक्रेटरी जगजीत बिट्टू और कार्यकारिणी मेंबर मनीष भारद्वाज शामिल हैं।
कल तक बदल सकते हैं उम्मीदवार
नियमानुसार नामांकन वापसी के आखिरी दिन 13 फरवरी तक पार्टी उम्मीदवार में बदलाव किया जा सकता है। उनकी मांग है कि पूर्व निर्धारित उम्मीदवारों को ही टिकट दिया जाए। वह अपने हलके के वर्करों के साथ खड़े हैं।