मंडी से भाजपा की नवनिर्वाचित सांसद कंगना रणौत को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की कॉन्स्टेबल ने थप्पड़ मारा था। आरोपी कंगना की किसान आंदोलन पर की गई टिप्पणी से नाराज थी।
कंगना रणौत-सीआईएसएफ कॉन्स्टेबल विवाद पर कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बयान दिया है। दिल्ली में कांग्रेस की बैठक में शामिल होने पहुंचे रंधावा ने कहा कि सुरक्षा जांच के दौरान अगर कोई किसी को थप्पड़ मारता है तो मैं इसका समर्थन नहीं करता। ऐसा नहीं होना चाहिए लेकिन बाद में कंगना रणौत ने पूरे पंजाब को आतंकवादी कह दिया।
विज्ञापन
रंधावा ने कहा कि मैं कंगना से कहना चाहूंगा कि पहले सोचें और फिर बोलें। इस देश को आजादी दिलाने के लिए हम पंजाबियों ने अपना खून बहाया है। हम नहीं जानते कि उस समय वे कहां थीं या भाजपा कहां थी...उन्होंने जो कहा वह गलत है और इसका जवाब संसद में दिया जाएगा।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के बारे में रंधावा ने कहा कि यह बहुत अहम बैठक है। हम संसद में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। राहुल गांधी के नेता प्रतिपक्ष पद पर रंधावा ने कहा कि हां, हम चाहते हैं कि देश को ऐसा चेहरा मिले जो प्रधानमंत्री को जवाब दे सके...मुझे लगता है कि पूरा देश यही चाहता है।