कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर मंगलवार को सोनीपत में पार्टी के सभी विभागों व प्रकोष्ठों की बैठक लेकर रणनीति को अंतिम रूप देंगे। दस जनवरी से वह जींद में डेरा डालने जा रहे हैं। पार्टी का वार रूम तैयार हो चुका है। तंवर ने जींद उपचुनाव को पार्टी और अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। तंवर खेमे से बालमुकुंद शर्मा, प्रमोद सहवाग और रघुबीर भारद्वाज टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।
हुड्डा खेमे से बलजीत सिंह रेढू, अंशुल सिंगला और रणदीप सिंह सुरजेवाला खेमे से सुधीर गौतम टिकट की लाइन में हैं। कांग्रेस पूर्व केंद्रीय मंत्री व कलायत से आजाद विधायक जयप्रकाश जेपी के बेटे विकास को भी लड़ाने पर विचार कर रही है। कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन कुलदीप सोनी ने बताया कि मंगलवार को सोनीपत के कुबेर होटल में सभी 30 प्रकोष्ठों व विभागों के संयोजक 300-300 कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष से जींद उपचुनाव पर चर्चा करेंगे।
चर्चा के बाद सभी की ड्यूटी जींद में लगाई जाएगी। कम से कम दस हजार पार्टी कार्यकर्ता जींद के चुनाव मैदान में प्रचार करने उतरेंगे। प्रदेश अध्यक्ष 10 जनवरी के बाद जींद में साइकिल से चुनाव प्रचार करेंगे और 28 जनवरी तक जींद में ही रहेंगे।