कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को पंजाब के 117 विधानसभा हलकों के उम्मीदवारों के साथ सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होने पहुंचे। अमृतसर पहुंचने पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने उनका श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्वागत किया। भारी सुरक्षा के बीच उन्हें सचखंड श्री हरमंदिर साहिब तक लाया गया।
सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद राहुल गांधी ने कुछ देर कीर्तन सुना। उन्होंने पंजाब के अपने 117 उम्मीदवारों की जीत के लिए अरदास भी की। इसके बाद वे लंगर हाल में पहुंचे, जहां उन्होंने लंगर छका। इसके बाद श्री दरबार साहिब की परिक्रमा करते हुए शहीद बाबा दीप सिंह जी के धर्म स्थान पर माथा टेका। इसके बाद जलियांवाला बाग शहीदी स्मारक पहुंचे।
राहुल गांधी ने शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और श्री दुर्ग्याणा मंदिर की तरफ चल पड़े लेकिन तब तक भगवान श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के कपाट बंद हो चुके थे। राहुल गांधी ने बंद कपाटों के सामने ही भगवान श्री लक्ष्मी नारायण को नमन किया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी ने उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद वे अपने 117 उम्मीदवारों के साथ भगवान श्री वाल्मीकि तीर्थ के लिए रवाना हो गए।
राहुल गांधी और चन्नी को काले झंडे दिखा जताया विरोध
राहुल गांधी को गुरुवार को वाल्मीकि तीर्थ रामतीर्थ में वाल्मीकि समाज के युवाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। गांधी अपने अमृतसर दौरे के दौरान रामतीर्थ में नतमस्तक होने पहुंचे थे। इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी साथ थे। दोनों को लोगों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। राहुल गांधी सीएम चन्नी के साथ सचखंड श्री हरमंदिर साहिब और श्री दुर्ग्याणा तीर्थ में नतमस्तक होने के बाद दोपहर के समय वाल्मीकि तीर्थ पहुंचे थे।
राहुल गांधी व अन्य कांग्रेस नेताओं को वाल्मीकि तीर्थ में सम्मानित किया गया। इसी दौरान वाल्मीकि समाज की जगरांव से टिकट काटे जाने से गुस्साए युवाओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जालंधर से पहुंचे वाल्मीकि समाज के युवाओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से उनकी विरोधी रही है। इस दौरान कुछ युवाओं ने काले झंडे दिखाए। लोगों के विरोध के बाद हरकत में आई पुलिस इस दौरान कई युवाओं को हिरासत में लेकर उन्हें राहुल गांधी से दूर ले गई।
भाजपा ने कसा तंज
वहीं भाजपा ने राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसा है। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने ट्वीट कर राहुल गांधी से सवाल किया कि जिस दरबार साहिब पर आपकी दादी इंदिरा गांधी ने टैंकों के साथ हमला किया। जिस अकाल तख्त साहिब को तोप के गोलों से गिरवाया और जहां हजारों बेगुनाह लोगों को मरवाया, आप उस सचखंड दरबार में किस मुंह से अरदास करने गए। उन्होंने कहा कि काश राहुल गांधी ने सच में 'हर मन हरमंदिर साहिब' मन में समझा होता। अगर आपने दरबार साहिब में उन गोलियों के निशान देखे होते, उन चीख चिंघाड़ों को और उस खूनी मंजर को महसूस किया होता तो आप आज जरूर अपने परिवार की करतूतों के लिए शर्मिंदा भी होते और माफी भी मांगते।
नेताओं को सीएम चेहरा घोषित होने की उम्मीद
वैसे राहुल गांधी के शेड्यूल में सभी 117 उम्मीदवारों के अमृतसर के धार्मिक स्थानों पर माथा टेकने की बात कही गई थी लेकिन कांग्रेस ने अभी तक आठ उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को उम्मीद है कि अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी कांग्रेस के सीएम चेहरे का एलान कर देंगे। वैसे कांग्रेस का आलाकमान चन्नी, सिद्धू और सुनील जाखड़ के संयुक्त नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कह चुका है लेकिन सीएम उम्मीदवार को लेकर नवजोत सिद्धू और सीएम चरणजीत चन्नी के बीच प्रतिस्पर्धा है।