पीएम मोदी और केजरीवाल की शुरुआत आरएसएस से ही हुई है। इनमें से एक ने 15 लाख और दूसरे ने 7 लाख देने की बात कही थी। प्रियंका ने कहा कि पीएम गुजरात मॉडल और अरविंद केजरीवाल दिल्ली मॉडल की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल का कुछ नहीं हुआ और किसी को रोजगार नहीं मिला और न ही कारोबार को फायदा मिला।
उन्होंने कहा कि मंच पर बनावटी पगड़ी बांध कर सरदार नहीं बना जा सकता। उन्होंने सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और बरिंदर ढिल्लों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यह समझना होगा कि असली सरदार कौन है। उन्होंने कहा कि सीएम चन्नी ने 111 दिन में काम कर दिखाया है और हिम्मत वाले फैसले पंजाब के हक में लिए हैं। चन्नी ने कहा कि रोपड़ जिले की तीनों सीटें कांग्रेस बड़े बहुमत के साथ जीतेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का सेहरा रोपड़ को देकर जिला वासियों के सिर पर पगड़ी रखी है और रोपड़ के लोग पगड़ी को संभाल लें।
सीएम चन्नी का एलान- सरकार बनने पर राणा केपी होंगे डिप्टी सीएम
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भरतगढ़ से लेकर नंगल तक रोड शो निकाला। इस दौरान सीएम चन्नी ने कहा कि हलका विधायक और विधानसभा स्पीकर राणा केपी उनके बहुत अजीज हैं, स्पीकर के पद पर रहकर उन्होंने क्षेत्र का सर्वपक्षीय विकास किया, वह वादा करते हैं कि अगर पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनी और राणा केपी जीतते हैं तो उन्हें डिप्टी सीएम बनाया जाएगा।
श्री बुंगा साहिब, श्री कीरतपुर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब में कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इस रोड शो का हार्दिक अभिनंदन किया और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का फूल मालाओं से स्वागत किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि हलका विधायक और विधानसभा स्पीकर राणा कंवरपाल के नेतृत्व में इस रोड शो का पूरे हलके पर बहुत प्रभाव पड़ा है।
मुख्यमंत्री के आने का समर्थक करते रहे इंतजार, मायूस होकर लौटे घर
उधर, नयागांव में मंगलवार को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का रोड शो प्रस्तावित था। सड़कों के किनारे कांग्रेस के समर्थक पार्टी का झंडा लेकर खड़े रहे लेकिन जब उन्हें पता चला कि मुख्यमंत्री नहीं आ रहे हैं तो वह मायूस होकर घर लौट गए। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को खरड़ से रोड शो शुरू कर कुराली, मुल्लांपुर के रास्ते नयागांव पहुंचना था। किसी कारण बस सुबह से ही मुख्यमंत्री का कार्यक्रम देरी से चला। इस वजह से उन्होंने अपने कार्यक्रम को बीच में ही रद्द कर दिया। वहीं कांग्रेस पदाधिकारियों के हवाले से खबर है कि एक या दो दिन में मुख्यमंत्री चन्नी इलाके का दौरा करेंगे।