पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान का हल निकालने में जुटे पार्टी हाईकमान ने आखिरकार विधायक नवजोत सिंह सिद्धू को बड़ी जिम्मेदारी देने का फैसला कर लिया है। यह संकेत पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत ने दिए हैं। पता चला है कि राहुल और प्रियंका के साथ हुई मीटिंग में प्रदेश कांग्रेस के दो अन्य पदों को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस का पंजाब प्रदेशाध्यक्ष और 2022 विधानसभा चुनाव में कैंपेन कमेटी का प्रभारी ये दो अहम पद हैं। सूत्रों का कहना है कि सिद्धू ने इन दो पदों पर अपनी सहमति जता दी है।
जुलाई के पहले सप्ताह में पंजाब कांग्रेस का विवाद सुलझा लेने का दावा करने वाले रावत ने बताया कि तीन अहम पदों को लेकर नवजोत सिद्धू के नाम पर विचार किया जा रहा है। बुधवार को नई दिल्ली में नवजोत सिद्धू की प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के साथ मुलाकात के बाद पंजाब में भी पार्टी के बीच काफी हलचल तेज हो गई थी।
गुरुवार को कैप्टन द्वारा अपने आवास पर कांग्रेस विधायकों, मंत्रियों और सीनियर नेताओं को दिए गए लंच के दौरान भी सिद्धू की प्रियंका और राहुल गांधी से मुलाकात चर्चा का विषय बनी रही। पता चला है कि गुरुवार को नई दिल्ली में हाईकमान ने कई वरिष्ठ नेताओं को इस पूरे मामले को हल करने के काम पर लगा दिया।
वहीं हरीश रावत ने संकेत दिए हैं कि सिद्धू को पंजाब कांग्रेस में अहम जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर हाईकमान को कई सीनियर नेताओं ने सहमति भी दे दी है। सिद्धू को कौन सी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं करते हुए रावत ने इतना ही कहा कि पार्टी में जिन नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जानी है, उनमें नवजोत सिद्धू का नाम भी शामिल है।