कांग्रेस ने काफी मंथन के बाद आखिरकार रविवार शाम को 26 वार्डों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी ने इस बार 14 नए चेहरों को मैदान में उतारा है। जबकि 7 उम्मीदवार ऐसे हैं जिन्हें पिछले निगम चुनाव में भी टिकट मिली थी, लेकिन वे हार गए थे।
5 वर्तमान पार्षदों को भी फिर से मौका दिया गया है। कांग्रेस के इस समय निगम में 9 पार्षद हैं। कांग्रेस ने 26 में से 23 वार्ड के स्थानीय नेताओं को ही टिकट दी है। कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा अपनी पत्नी रितु छाबड़ा को अपनी जगह वार्ड नंबर-3 से टिकट दिलवाने में कामयाब हुए हैं।
वहीं छाबड़ा वार्ड नंबर-22 से संदीप भारद्वाज को टिकट दिलवाने में भी कामयाब रहे, जबकि इससे पहले संदीप भारद्वाज की टिकट शनिवार को काट दी गई थी। इसके बाद भारद्वाज ने विरोध कर दिया था। पार्टी ने एक बार फिर से मेयर अरुण सूद के खिलाफ राजेश शर्मा को मैदान में उतारा है।
बंसल-छाबड़ा की चली
टिकट वितरण में पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल और कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा की चली है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी के किसी भी चहेते को टिकट नहीं मिली है। तिवारी गुट के सबसे सक्रिय सदस्य चंद्रमुखी शर्मा का भी वार्ड नंबर-1 से टिकट काटकर एचएस लक्की को दिया गया है। ऐसे में चंद्रमुखी शर्मा के भाई निर्दलीय चुनाव में खड़े हो गए हैं।
टिकट कटने से नाराज लोगों की निर्दलीय उतरने की तैयारी
कांग्रेस ने की टिकटों की घोषणा
- फोटो : अमर उजाला
अब निर्दलीय उतरने की तैयारी
कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद पार्टी के अंदर विद्रोह भी बढ़ गया है। वार्ड नंबर-11 से मंजीत सिंह चौहान का टिकट कटने पर वह नाराज हो गए हैं। इसके साथ ही वार्ड नंबर-16 से पूर्व मेयर सुभाष चावला को टिकट देने पर डॉ. ओपी वर्मा नाराज हो गए हैं।
वर्मा ने निर्दलीय लड़ने की घोषणा कर दी है। जबकि संदीप भारद्वाज को टिकट मिलने पर दवेंद्र गुप्ता ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। वार्ड नंबर-11 से प्रेम पाल चौहान ने भी निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। इस वार्ड से भाजपा ने सतीश कैंथ को टिकट दी हुई है।
ये नए चेहरे
दीपा असधीर दूबे, रितु छाबड़ा, ममता रानी, गुरमीत सिंह, जसप्रीत कौर टिवाना, मीनाक्षी चौधरी, राणा करनवीर सिंह, रविंदर कौर, पूनम, रवि कुमार, शशि शंकर तिवारी, संदीप भारद्वाज, नसरूला खान और रमेश गोयल।
पिछले चुनाव में इन्हें मिली थी हार, इस बार भी इन्हीं पर भरोसा
एचएस लक्की, राजेश शर्मा, जसबीर सिंह बंटी, दवेंद्र सिंह बबला, जतिंदर भाटिया, चितरंजन चंचल और पूर्व मेयर कमलेश।
पार्षद, जिन्हें मिला टिकट
पूर्व मेयर पूनम शर्मा, शीला देवी, पूर्व मेयर हरफूल चंद कल्याण, गुरबख्श रावत और पूर्व मेयर सुभाष चावला। गुरबख्श रावत को छोड़कर बाकी सभी पार्षदों का क्षेत्र बदल दिया गया है।
देखिए पूरी लिस्ट
कांग्रेस ने की टिकटों की घोषणा
- फोटो : अमर उजाला
युवा कांग्रेस अध्यक्ष का टिकट कटा
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष हरमेल केसरी टिकट लेने में कामयाब नहीं रहे। वार्ड नंबर-17 से वह अपनी पत्नी प्रीति के लिए टिकट मांग रहे थे लेकिन उनकी पत्नी की टिकट काट कर कांग्रेस के सचिव राजीव मोदगिल की पत्नी पूनम को टिकट दे दी गई। जबकि युवा कोटे से 4 टिकट वितरित की गई हैं।
सभी वर्गों का ध्यान रखा
पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल का कहना है कि कांग्रेस के 22 उम्मीदवार जीतकर आएंगे। सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। नोटबंदी और राशन बंद करने का फैसला भाजपा को भारी पड़ेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा का कहना है कि सभी जीतने वाले उम्मीदवार हैं। निगम में भाजपा का एक साल शहर पर काफी भारी रहा। कांग्रेस बिना मनोनीत के खुद अपना मेयर बनवाएगी।
वार्ड नंबर एरिया उम्मीदवार
1 सेक्टर-1 से 11 एचएस लक्की
2 सेक्टर-12 से 15, खु़ड्डा लाहौरा कॉलोनी दीपा असधीर दूबे
3 सेक्टर-16,17 और 22 रितू छाबड़ा
4 सेक्टर-23 और 24 पूनम शर्मा
5 सेक्टर-25, धनास शीला फूल सिंह
6 डड्डूमाजरा ममता रानी
7 मलोया हरफूल चंद कल्याण
8 सेक्टर-37,38 राजेश शर्मा
9 सेक्टर-39,40 गुरबख्श रावत
10 सेक्टर-41,42, बुटरेला,बढ़हेड़ी जसबीर बंटी
11 पलसौरा गुरमीत सिंह
12 43, कजहेड़ी, सेक्टर-52,61 जसप्रीत कौर टिवाना
13 सेक्टर-49, 50, 51 मीनाक्षी चौधरी
14 सेक्टर-45, बुडै़ल करनवीर राणा
15 सेक्टर-34,35,44 रवनीत कौर गुजराल
16 सेक्टर-20,33 सुभाष चावला
17 सेक्टर-18,19,21 पूनम मोदगिल
18 सेक्टर-27, 28 और 30 दवेंद्र बबला
19 सेक्टर-26, बापूधाम रवि कुमार
20 सेक्टर-29, कॉलोनी नंबर-4 शशि शंकर तिवारी
21 सेक्टर-32,46 जितेंद्र भाटिया
22 सेक्टर-47,48 संदीप भारद्वाज
23 रामदरबार, हल्लोमाजरा कमलेश
24 मौलीजागरां नसरूला खान
25 मनीमाजरा, माडर्न कॉम्प्लेक्स रमेश गोयल
26 इंदिरा कॉलोनी चितरंजन चंचल