एसवाईएल के मुद्दे पर खैरा ने कहा कि पानी पंजाब की तकदीर है। अगर भविष्य में सुप्रीम कोर्ट का फैसला पंजाब के खिलाफ भी आया तब भी पानी की एक बूंद भी नहीं दी जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि हरियाणा में चुनाव के चलते भगवंत मान ने केजरीवाल की मौजूदगी में पानी का मुद्दा उठाया है।
एसवाईएल का पानी हरियाणा और दिल्ली को देने के लिए केजरीवाल मुख्यमंत्री मान पर दबाव बना रहे हैं। पानी के लिए दिल्ली सरकार हिमाचल को रॉयल्टी दे रही है तो भगवंत मान दिल्ली से पंजाब को रॉयल्टी दिलाएं। खैरा ने पंजाब की आबकारी नीति की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की।
10 को किसान कांग्रेस की बैठक
खैरा ने बताया कि 10 सितंबर को अखिल भारतीय किसान कांग्रेस की बैठक बुलाई गई है। इसके लिए प्रदेश के सभी किसानों को भी न्योता दिया गया है। जो किसान पहले से कांग्रेस के सदस्य हैं, उनके अलावा अन्य किसान बैठक में पहुंचकर सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।
हरियाणा को पानी देने का पक्ष ले रहे भगवंत मान: शिअद
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा हरियाणा आम आदमी पार्टी (आप) के प्रभारी व सांसद सुशील गुप्ता की ओर से दी जा रही उस गारंटी का प्रचार करने पर आलोचना की है, जिसमें गुप्ता वादा कर रहे हैं कि जिस दिन हरियाणा में आप की सरकार बनेगी, उसी दिन हरियाणा में एसवाईएल का पानी बहना शुरू हो जाएगा। डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि जिस तरह भगवंत मान सुशील गुप्ता के साथ आदमपुर में प्रचार कर रहे थे, उससे साफ है कि वह गुप्ता द्वारा दी गई गारंटी से सहमत हैं।
यह भी स्पष्ट है कि पंजाब के मुख्यमंत्री जानबूझकर हरियाणा में यह साबित करते दिखाई दे रहे हैं कि वह आप द्वारा हरियाणा के लोगों को दी गई गारंटी के साथ खड़े होंगे। आप को पंजाब में भारी बहुमत देने वाले पंजाबियों की पीठ में यह छुरा घोंपने जैसा है। मुख्यमंत्री को इस तरह के पंजाब विरोधी कृत्यों के लिए लोगों को स्पष्टीकरण देना चाहिए।