फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निगम की पहली ही बैठक नहीं पहुंचे कांग्रेस और आप पार्षद

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। मेयर सरबजीत कौर की ओर से सेक्टर-38 वेस्ट में बुलाई गई पहली बैठक में न तो आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद पहुंचे न कांग्रेस के। दोनों पार्टी के अध्यक्षों ने इस बैठक को व्यक्तिगत बैठक करार दिया। विपक्ष ने कहा कि बैठक करने के लिए नगर निगम, मेयर हाउस या यूटी गेस्ट हाउस बुलाया जा सकता था। एक वार्ड विशेष में बैठक रखने का क्या उद्देश्य है। वहीं बिना किसी एजेंडे के बैठक बुलाना तो आदेश थोपना है।
विज्ञापन

चुनाव जीतने के बाद मेयर सरबजीत कौर ने बुधवार को पहली बार सभी पार्षदों की बैठक बुलाई थी। विकास कार्यों का रोडमैप तैयार करने के नाम पर बुलाई गई इस बैठक में आप और कांग्रेस के पार्षदों को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन दोनों ही पार्टी के पार्षद बैठक में शामिल नहीं हुए। बैठक में मौजूद आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने निगम की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चल रही योजनाओं, पूरी हो चुकीं योजनाओं और भविष्य में विकास कार्यों की योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी ताकि नए पार्षदों को निगम के बारे में पूरी जानकारी मिल सके।
बॉक्स
आसान नहीं होगा विकास कार्यों का एजेंडा पास कराना
पहली बैठक से ही विपक्ष ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि किसी भी पार्टी के लिए अगले पांच साल आसान नहीं रहेंगे। पिछले निगम चुनाव में भाजपा के 20 पार्षद थे। ऐसे में जिस एजेंडे पर उनकी सहमति होती थी, वह आसानी से पास हो जाता था। इस समय भाजपा के पास 13, आप के पास 14 और कांग्रेस के पास 8 पार्षद हैं। वहीं, सांसद का मत भी भाजपा के पक्ष में है, लेकिन अब विकास का कोई भी एजेंडा आएगा तो विपक्ष को विश्वास में लिए बिना उस पर सहमति बनाना आसान नहीं होगा।
विज्ञापन

बॉक्स
सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर को भी मिले गाड़ी : सौरभ जोशी
भाजपा पार्षद सौरभ जोशी ने बैठक में कहा कि मेयर की तरह सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को भी गाड़ी मिलनी चाहिए। पार्षदों के लिए सामुदायिक केंद्र में दफ्तर के साथ ही कंप्यूटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर व अन्य स्टाफ की व्यवस्था होनी चाहिए। प्रत्येक पार्षद को उसके क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों की सूची देनी चाहिए ताकि जनता की ओर से आ रहीं समस्याओं को वह संबंधित व्यक्ति को बता सकें। आयुक्त ने कहा कि गाड़ी और ऑफिस स्टाफ के लिए प्रस्ताव प्रशासन के पास गया है।
बातचीत
बैठक के लिए मेयर को तय करना चाहिए था एजेंडा
यह मेयर की व्यक्तिगत बैठक थी। आधिकारिक बैठक का एजेंडा तय होता है, जिसकी सूचना पार्षदों को पहले दी जाती है। भाजपा अपने एजेंडों को विपक्ष पर थोपने का प्रयास कर रही है। भाजपा के एजेंडों को शहर के विकास कार्यों के एजेंडों पर हावी नहीं होने देंगे। मेयर को पार्टी हितों से ऊपर उठकर शहर के विकास के मामले में जोर देना चाहिए। बैठक एक वार्ड विशेष में करने का क्या उद्देश्य है।
-सुभाष चावला, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
सदन की बैठक में शामिल होंगे पार्षद
विकास कार्य की बैठक के नाम पर मेयर ने अपने व्यक्तिगत बैठक की है। खर्चे से बचने के लिए इसे विकास कार्य की बैठक का नाम दिया गया है। चुनाव को समाप्त हुए इतने दिन हो गए, अब तक वार्ड के हिसाब से अधिकारियों को जिम्मेदारी देकर पार्षदों को जानकारी दे देनी चाहिए थी, लेकिन इस पर कोई काम नहीं हुआ। निगम की आधिकारिक सदन की बैठक में आम आदमी पार्टी के सभी पार्षद शामिल होंगे।
-प्रदीप छाबड़ा, प्रदेश सह प्रभारी, आप
परंपरा पुरानी है, जिसे आगे बढ़ाया
चुनाव के बाद अधिकारियों और पार्षदों के बीच जान पहचान के लिए इस तरह की बैठक पहले से आयोजित होती रही है। यह पुरानी परंपरा है, जिसे मैंने आगे बढ़ाया है। शहर के विकास कार्यों के लिए सभी पार्षदों को मिलकर काम करना होगा। जिस भरोसे के साथ जनता ने हमें चुनकर सदन तक भेजा है, उनके भरोसे के लिए राजनीति से अलग विकास के मुद्दों पर चर्चा करें।
विज्ञापन

-सरबजीत कौर, मेयर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें