चंडीगढ़। राष्ट्रमंडल खेलों में देश को बॉक्सिंग में रजत दिलाने वाले मुक्केबाज सागर का एसडी कॉलेज सेक्टर-32 पहुंचने पर स्वागत हुआ। कॉलेज प्रबंधन की ओर से उसे को फूल मालाएं पहनाई गईं। वहीं, छात्रों, खेल विभाग के सदस्यों ने तालियां बजाकर सम्मान बढ़ाया।
सागर ने इसी महीने इंग्लैंड में खेले गए राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक हासिल किया था। एसडी कॉलेज के बीए फाइनल के छात्र सागर कॉलेज पहुंचकर स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट में सहायक प्रोफेसर राजिंदर सिंह मान के पास पहुंचे जोकि खुद चंडीगढ़ अमेच्योर मुक्केबाजी एसोसिएशन के सेक्रेटरी हैं। मान और उनके सहयोगियों ने गर्मजोशी के साथ सागर का स्वागत किया। सागर ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश के लिए पदक जीतना है।
बेहतर अनुभव रहा, प्रदर्शन से खुश
सागर ने बताया कि फाइनल तक पहुंचने का मेरा अनुभव शानदार रहा। फाइनल में कुछ चूक हो गई। यह कह सकता हूं कि वह मेरा दिन नहीं था लेकिन इसके बावजूद मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। बस मलाल है कि इतने नजदीक पहुंचकर स्वर्ण पदक से चूक गया। सागर ने कहा अब मुझे अगले लक्ष्य की तैयारियों में जुट जाना है। आगामी समय में चीन में होने वाली एशियन गेम्स और उज्बेकिस्तान में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए अगले कुछ दिनों में पटियाला में लगने वाले भारतीय कैंप में अभ्यास करना है।
अभिभावक बच्चों को मुक्केबाजी से जोड़ रहे
कॉलेज में बातचीत के दौरान सागर ने बताया कि पिछले कुछ सालों से मुक्केबाजी में भारत का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। हमारे मुक्केबाज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विदेशी खिलाड़ियों को हराकर लगातार मेडल जीतकर देश का मान बढ़ा रहे हैं। आज अभिभावक अपने बच्चों को मुक्केबाजी के खेल से जोड़ने के लिए मुक्केबाजी सेंटर पर पहुंच रहे हैं।