गांव में लाल डोरा से बाहर बने मकानों में रहनेवालों के लिए खुशखबरी है। मकानों को नियमित किए जाने पर विचार करने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा। मकानों का सर्वे होगा। सांसद किरण खेर के साथ बैठक में सरपंचों, जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों ने मांग रखी कि लाल डोरा से बाहर बने मकानों को नियमित किया जाएगा।
किरण खेर ने कहा कि सभी मकान नियमित होंगे। साथ ही वहां पर बुनियादी सुविधाएं भी मुहैया की जाएंगी। बैठक में सांसद ने अधिकारियों को लाल डोरा से बाहर बने मकानों के निवासियों के लिए हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराने को कही। उन्होंने निर्देश दिया कि पक्की गलियां, सीवरेज, पानी, बिजली, स्टार्म वाटर, ड्रेनेज की सुविधाएं प्रदान की जाएं।
सभी गांव आदर्श होंगे
पंचायत समिति के चेयरमैन शिंगारा सिंह ने बताया कि बैठक में किरण खेर ने कहा कि सभी गांव को आर्दश ग्राम बनाया जाएगा। किरण खेर ने कहा कि सभी गांव को आदर्श बनाया जाएगा इसमें सभी प्रकार की सुविधाएं जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, कम्यूनिटी सेंटरों का निर्माण होगा। गांव में शहरों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। गांव में स्थित सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इसके कारण गांव के विद्यार्थी प्राइवेट स्कूलों को पसंद करते हैं।
सभी गांव में बस क्यू शेल्टर बनाएं जाएंगे। कार्यालयों में पंजाबी भाषा में काम हो। उन्होंने मांग की कि पंचायती राज संस्थाओं को और अधिक अधिकार दिए जाएं।
गांव के सभी ट्यूबवेल पर जनरेटर होगा
गांव धनास में पीने के पानी की आपूर्ति के लिए तीन नए ट्यूबवेल को मंजूरी दी गई। गांव में स्थित सभी ट्यूबवेल पर जनरेटर सेट की मंजूरी दी गई। बूस्टर का भी निर्माण किया जाएगा। इनके लिए एमपीलैड से राशि प्रदान की जाएगी। ट्यूबवेल पर जनरेटर सेट होने से बिजली जाने के बाद भी लोगों को पानी की किल्लत नहीं होगी।
ये हुए बैठक में शामिल
यूटी गेस्ट हाउस में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ किरण खेर के साथ अधिकारियों में रूरल डेवलपमेंट सेक्रेटरी के नरसिम्हा, डायरेक्टर रूरल डेवलपमेंट रंजीत कौर, चीफ आर्किटेक्ट कपिल सेतिया, डीपीआई स्कूल आरएस बराड़, बिजली विभाग के एसई एमपी सिंह, पंचातय समिति के चेयरमैन शिंगारा सिंह, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान डॉ हुकम चंद सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।