हरियाणा सरकार ने सरकारी व एडेड कॉलेजों के स्टाफ को बड़ा तोहफा दिया है। इन्हें भी सरकार अब सातवें वेतनमान के दायरे में ले आई है। इसी के तहत हरियाणा सरकार ने सूबे के विश्वविद्यालयों और सरकारी व एडेड कॉलेजों के शिक्षकों, कुलसचिवों, पुस्तकालयाध्यक्षों, कुलपतियों और खेल निदेशकों के लिए सातवें वेतन आयोग को भी मंजूरी दे दी है।
इन कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ 1 जनवरी 2016 से मिलेगा। प्रदेश के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न कालेजों और विश्वविद्यालयों में 5809 पदों पर कार्यरत शिक्षकों और गैर शिक्षकों को इसका लाभ पहुंचेगा।
वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बताया की सातवां वेतनमान लागू हो जाने के बाद विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के असिस्टेंट प्रोफेसर को 57 हज़ार 700 रुपये से लेकर 79 हजार 800, एसोसिएट प्रोफेसर को 1 लाख 31 हजार 400 रुपये और प्रोफेसर को 1 लाख 44 हजार 200 रुपये से लेकर 1 लाख 82 हजार 200 रुपये वेतनमान मिलेगा। असिस्टेंट लाइब्रेरियन को 57 हजार 700 रुपये से लेकर 68 हजार 900 रुपये, डिप्टी को 79 हजार 800 रुपये से लेकर 1 लाख 31 हजार 400 रुपये और लाइब्रेरियन को 1 लाख 44 हजार 200 रुपये वेतन मिलेगा।
फिजिकल एजुकेशन और स्पोर्ट्स विभागों के असिस्टेंट डायरेक्टर को 57 हजार 700 रुपये से लेकर 68 हजार 900 रुपये, डिप्टी डायरेक्टर को 79 हजार 800 रुपये से लेकर 1 लाख 31 हजार 400 रुपये और डायरेक्टर को 1 लाख 44 हजार 200 रुपये वेतनमान मिलेगा। वित्त मंत्री ने बताया की अब विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के रजिस्ट्रार और एग्जाम कंट्रोलर को 1 लाख 44 हजार 200 रुपये, डिप्टी रजिस्ट्रार और डिप्टी एग्जाम कंट्रोलर को 79 हजार 800 रुपये और असिस्टेंट रजिस्ट्रार और असिस्टेंट एग्जाम कंट्रोलर को 56 हजार 100 रुपये वेतनमान मिलेगा।
प्रो-वीसी और वीसी को भी मिलेगा लाभ
इसके अंतर्गत अब प्रो वाइस चांसलर और वाइस चांसलर को भी सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतनमान मिलेगा। उन्होंने बताया की अब स्नातकोत्तर कालेजों के प्राचार्यों का वेतन 1 लाख 44 हज़ार 200 रुपये होगा। हरियाणा के सरकारी कॉलेजों में 1990, सरकारी एडेड कालेजों में 2956, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में 332, महर्षि दयानंद विश्विद्यालय, रोहतक में 287, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में 64, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी में 12, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में 18, भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां, सोनीपत में 116 और इंदिरा गाँधी विश्वविद्यालय, रेवाड़ी में 34 पदों पर कार्यरत शिक्षकों और गैर शिक्षकों को वेतन बढ़ौतरी का लाभ मिलेगा. इसकी वजह से सरकार पर सालाना 230.6 करोड़ का अतिरिक्त भार पड़ेगा।