प्रॉपर्टी बाजार में मंदी के चलते पंजाब सरकार की ओर से जीरकपुर के कलेक्टर रेट में 15 से 25 प्रतिशत की कमी की गई है। नए रेट 16 जुलाई से सब-तहसील जीरकपुर क्षेत्र में लागू कर दिए गए हैं।
सरकार की ओर से शुरुआती दौर में कॉमर्शियल प्रॉपर्टी के कलेक्टर रेट में यह कमी लागू की गई है जबकि रिहायशी क्षेत्र में पहले की तरह ही कलेक्टर रेट वसूल किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो आने वाले कुछ समय के दौरान रिहायशी प्रापर्टी के कलेक्टर रेट में भी कमी की किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
मोहाली के डीसी की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार जीरकपुर की कामर्शियल प्रापर्टी के कलेक्टर रेट में 25 प्रतिशत की कटौती की गई है। जिक्रयोग है कि पिछले लंबे समय से प्रापर्टी बाजार में चल रही मंदी के कारण जीरकपुर नगर परिषद की आमदना में भारी कमी आई है। जिसका असर अब शहर के विकास कार्यों पर भी पड़ने लगा है।
शहर में पिछले लंबे समय से गिनती के ही कामर्शियल व रिहायशी प्रोजेक्ट आए हैं, जबकि पहले नगर परिषद की मुख्य कमाई नए हाउसिंग प्रोजेक्टों से थी। इस समय जहां नए प्रोजेक्टों में कमी आई है इसके साथ पुराने प्रोजेक्ट भी पूरे होते नजर नहीं आ रहे।
बीती 29 जून को नगर परिषद की एक मीटिंग में सभी पार्षदों की ओर से कलेक्टर रेट कम करने के लिए सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पास कर जिला के डीसी के पास भेजा गया था। इस पर डीसी मोहाली ने रेटों में कटौती पर सहमति जताई। नए रेट 16 जुलाई से लागू कर दिए गए हैं।
-विवेक निरमोई, नायब तहसीदार, सब तहसील जीरकपुर
नगर परिषद द्वारा दिए गए सुझाव के बाद कामर्शियल प्रापर्टी के कलेक्टर रेट में 25 प्रतिशत की कमी से एंड यूजर्स को बहुत लाभ मिलेगा। इससे कामर्शियल प्रापर्टी को मंदी से राहत मिलेगी, इसके साथ खरीदारों की संख्या में भी वृद्धि होगी।
-एलसी मित्तल, एम मोतिया रॉलस सिटी जीरकपुर
नगर परिषद द्वारा कलेक्टर रेट 25 प्रतिशत की कमी का सुझाव एक सराहनीय कदम है। इससे प्रॉपटी में छाई मंदी से निवेश करने वालों को थोड़ी राहत तो अवश्य मिलेगी।
-दीपक मखीजा, हेड सेल्स एंड मार्केटिंग एनके शर्मा ग्रुप जीरकपुर