पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में स्टूडेंट सेंटर के पास बनी दुकानों में खाने की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही सामने आई है। खाने में कॉकरोच मिला, जिसे देखकर छात्र भड़क गए। उन्होंने मामले को लेकर कई घंटे हंगामा किया। जिम्मेदार अधिकारियों को भी फोन किया गया, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। अधिकारियों के इस रवैये से छात्रों में काफी रोष है।
उनका कहना है कि कुछ महीने पहले भी यहां खाने में कीड़ा निकला था और एक बार फिर ऐसा हुआ है। अब आंदोलन किया जाएगा। छात्रों ने आरोप लगाया कि स्टूडेंट सेंटर के आसपास जितनी भी खाने की दुकानें बनी हैं, उनकी गुणवत्ता काफी खराब है। इसमें पीयू प्रशासन की मिलीभगत है। इसलिए उन पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। बस फाइन डालकर दुकानदारों को बचाया जा रहा है।
ये था पूरा मामला
हुआ यूं कि एक विद्यार्थी राजविंदर ने स्टूडेंट सेंटर स्थित फ्रेश बाइट शॉप से खाने की थाली ली। जैसे ही थाली हाथ में आई तो कढ़ी में कॉकरोच दिखा। यह देखकर दूसरे विद्यार्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि महंगे दामों पर यहां खाना दिया जा रहा है और उसमें भी कीड़े, कॉकरोच मिल रहे हैं। विद्यार्थियों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है।
छात्रों ने आरोप लगाया कि पहले भी कई बार ऐसा हुआ, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी फाइन डालकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। कोई कार्रवाई इन दुकानदारों पर न होने के कारण छात्रों का गुस्सा आसमान पर है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए अधिकारी तैनात किए हैं, लेकिन वह भी सुनने को तैयार नहीं हैं।
आरोप लगाया गया है कि खाने की गुणवत्ता की जांच के दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत कुछ अलग है। इस संबंध में डीएसडब्ल्यू इमैनुअल नाहर से संपर्क करना चाहा, लेकिन उन्होंने भी फोन रिसीव नहीं किया।
जल्द उठाया जाएगा बड़ा कदम
खाने की गुणवत्ता को लेकर कई बार कहा गया, लेकिन इसमें सुधार नहीं हुआ है। अब इसके लिए संगठन जल्द ही बड़ा कदम उठाएगा। विद्यार्थियों के जीवन के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।
- हसनप्रीत, एसएफएस पदाधिकारी