सीएम-विज विवाद पर हुड्डा ने ली चुटकी
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज के बीच दो महीने तक चले विवाद पर सदन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुटकी ली। एक पुराना किस्सा सुनाते हुए उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ में एक एसआई और वकीलों के बीच विवाद हो गया। वकील हड़ताल पर उतर आए। मामले का निपटारा नहीं होने पर वकील उस दौरान के मुख्यमंत्री के पास पहुंच गए।
सीएम ने बात सुनी और उसके बाद एसआई को थाने से हटाकर उसका प्रमोशन देकर डीएसपी बना दिया। सीएम ने वकीलों से कहा कि एसआई को थाने से हटा दिया गया है। उसके बाद वकील खुश हो गए और उन्होंने हड़ताल वापस ले ली। यह सुनते ही विपक्ष के विधायक हंस पड़े। उन्होंने कहा कि अब यह रिवाज कर देना चाहिए कि जिस अफसर को हटाना हो उसे प्रमोट कर देना चाहिए। उस दौरान सदन में मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और सीएम के राजनीतिक सलाहकार आरके खुल्लर भी बैठे। बाद में हुड्डा ने कहा कि दो महीने तक लोगों को काफी परेशान होना पड़ा है। स्वास्थ्य मंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था।
एम्स का निर्माण केंद्र सरकार करेगी, हरियाणा सरकार ने दे दी है जमीन
रेवाड़ी विधायक चिरंजीव राव ने सवाल पूछा कि साल 2015 में मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी एम्स बनेगा। मगर अभी तक उसका निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इस पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि रेवाड़ी में केंद्र सरकार जल्द ही एम्स स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि एम्स के लिए जो जमीन चिह्नित की गई थी, वह वन विभाग की निकली, जिसके बाद नये सिरे से भूमि का चयन किया गया। जमीन खरीद कर केंद्र सरकार को पट्टे पर दी जा चुकी है। चाहरदीवारी बना दी गई है। एम्स बनाने का कार्य केंद्र सरकार का है और टेंडर आमंत्रित करने जैसी प्रक्रिया जल्द ही केंद्र सरकार पूरा करेगी।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि रेवाड़ी एम्स के निर्माण के लिए 203 एकड़ 3 कनाल 5 मरला भूमि 40 लाख प्रति एकड़ की दर से खरीदी गई।