चुनाव प्रचार का शोरगुल थमने के बाद शुक्रवार को जहां मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने गांव बादल स्थित अपने निवास पर आराम किया। वहीं गांव हाकूवाला में अकालियों-कांग्रेसियों में विवाद सुलझाने के चक्कर में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का आराम हराम हो गया।
प्रचार खत्म होने के बाद शुक्रवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लंबी हलके के गांवों में घूमकर जनसंपर्क साधने और लंबी में ही आराम करने का प्रोग्राम बना रखा था, मगर गांव हाकूवाला में अकालियों-कांग्रेसियों में विवाद के बाद उन्हें जाना पड़ा।
प्रचार के कारण मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की तबीयत वीरवार रात खराब हो गई थी। जिस कारण उन्होंने शुक्रवार को बादल में अपने घर पर ही आराम कर दिन गुजारा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुक्तसर के वरिष्ठ भाजपा नेताओं को घर बुलाकर चुनाव में कायम होने की बात पर जोर दिया।