चंडीगढ़ में बरसात से बढ़ी ठंडक।
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से मैदानी क्षेत्रों में बारिश और सर्द हवाओं ने परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में अगले दो दिन तक ठंड के साथ लोगों को कोहरे का सामना करना पड़ेगा। मंगलवार को भी शहर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है।
सोमवार सुबह भी शहर के कई इलाकों में बारिश हुई। 24 घंटे के दौरान करीब 39.3 एमएम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से जनवरी माह में मानसून जैसी बरसात हुई है। चंडीगढ़ में एक जनवरी से लेकर सोमवार शाम तक 203.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो अब तक की सबसे ज्यादा बारिश है। इससे पहले साल 1983 में जनवरी महीने में 166.6 मिलीमीटर बारिश हुई थी। मंगलवार को भी हल्की बारिश के आसार हैं। इसके बाद कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से ठंड का प्रकोप बढ़ जाएगा। रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। पहाड़ों पर बर्फबारी से रविवार को दिनभर ठंडी हवाएं चलीं और सुबह बारिश हुई। दोपहर करीब तीन बजे हल्की धूप निकली, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर बादल छा गए। पूरे दिन ट्राइसिटी में लोग ठंड से कांपते नजर आए।
सुबह हुई बारिश से 6 डिग्री गिरा पारा
सोमवार सुबह हुई हल्की बारिश से अधिकतम तापमान में 6 डिग्री की कमी आई और शहर में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले तीन दिन शीतलहर चल सकती है। चंडीगढ़ सहित पंचकूला और मोहाली के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कुछ जगहों पर दृश्यता 100 मीटर से भी कम दर्ज की जा सकती है।
जनवरी की बारिश
साल बारिश
2022 203.9
2021 11.2
2020 57.1
2019 21.2
2018 4.4
2017 132.0
2016 1.0
2015 38.9
2014 79.5
2013 66.4
2012 22.8
1983 166.6