पेक के शिवालिक हॉस्टल में स्वास्थ्य विभाग की फूड एंड सेफ्टी विंग के छापे में दूषित खाना मिला है। विंग ने इसके अतिरिक्त चार अन्य स्थानों पर भी छापे मार कार्रवाई की। जांच में दूषित खाना मिलने पर डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने पांचों मामलों में 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
स्वास्थ्य विभाग के फूड एंड सेफ्टी विंग को पिछले कुछ दिनों से सेक्टर 10डी, 22ए, 9डी, पेक यूनिवर्सिटी और सेक्टर- 37 से कई लोगों ने दूषित खाने की शिकायतें की गईं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विंग ने हाल ही में छापेमार कर खाने के सैंपल लिए। जांच में विंग को दूषित खाना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा अग्रिम कार्रवाई के लिए डीसी ऑफिस में रिपोर्ट को दाखिल किया। सोमवार को डिप्टी कमिश्नर मनदीप सिंह बराड़ ने पांचों फर्मों के खिलाफ 10-10 हजार रुपये के जुर्माना लगाने के निर्देश जारी कर दिए।
दूषित खाना परोसना गंभीर विषय है। यदि भविष्य में इन संस्थानों के द्वारा दुबारा दूषित खाना परोसा गया तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- मनदीप सिंह बराड़, डीसी, चंडीगढ़
इन फर्मों के खिलाफ हुई कार्रवाई
डीसी ऑफिस के द्वारा सेक्टर- 10डी में शॉप नंबर 2, 3 दुकान में स्थित टूयलिप हॉस्पिटलिटी कैफे के साथ सेक्टर 22ए स्थित पराठे वाली गली में मैसर्स दिल्ली स्पेशल पराठे, सेक्टर 9डी स्थित जीए फूड एंड हॉस्पिटलिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर 37 सी में आनंद फ्रेश जूस एंड आइसक्रीम के साथ पेक के शिवालिक हॉस्टल में कैंटीन संचालित करने वाली कृष्णा फूड सर्विस के खिलाफ चालान काटे गए हैं।