पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में सीआईए स्टाफ सरहिंद की पुलिस ने दूसरे राज्यों में अवैध शराब बेचने वालों को दबोचा है। शराब की बोतलों के ढक्कन पर लगे ट्रैक एंड ट्रेस होलोग्राम स्टिकर को फाड़कर बदला गया था। जानकारी के अनुसार सीआईए स्टाफ सरहिंद को सूचना मिली थी कि एक कैंटर गाड़ी में कथित तौर पर सोनीपत (हरियाणा) निवासी राजेश कुमार नामक व्यक्ति शराब की तस्करी कर पंजाब-हरियाणा, राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों में बेचता है।
कैंटर में शराब लादकर लुधियाना से सरहिंद की ओर आने की सूचना पर सीआईए व आबकारी विभाग के सर्कल इंस्पेक्टर विजय कुमार के साथ कर्मचारियों की एक टीम ने तरखान माजरा गांव कट के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की तो मैकडॉवेल (अंग्रेजी शराब) के 201 कार्टून बरामद किए गए। इसमें कुल 9648 बोतल शराब थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी राजेश कुमार के बारे में पता चला है कि अंतरराज्यीय शराब तस्करी के इस अवैध धंधे में राजस्थान के कथित शराब ठेकेदार अमित बंसल और लुधियाना निवासी अमरजोत सिंह भी शामिल हैं। आरोपी शराब की बोतलों के ढक्कनों पर लगे होलोग्राम स्टिकर का ट्रैक फाड़ देते थे, जिससे यह पता नहीं चल पाता था कि शराब किस ठेकेदार की है। सरहिंद थाने में राजेश कुमार, अमित बंसल, अमरजोत सिंह के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सीआईए स्टाफ सरहिंद के बलजीत सिंह कर रहे हैं।