सेक्टर-25 स्थित चितकारा इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन को चंडीगढ़ कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स ने समन जारी किया है। कमीशन ने स्कूल प्रिंसिपल,ड्राइवर और पुलिस को 16 जनवरी को कमीशन के सामने पेश होने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि बुधवार को सेक्टर-38 स्थित गुरुद्वारे के सामने चितकारा स्कूल की एक बस पलट गई थी। बस में उस समय 30 स्टूडेंट थे।
इस मामले में स्कूल ड्राइवर प्रिंस (26) के खिलाफ पुलिस में मामला भी दर्ज हुआ है। कमीशन के एक सदस्य ने बताया कि इस तरह की घटना से स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग रहा है।
पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन और ड्राइवर की लापरवाही को लेकर कमीशन के सामने बात रखनी होगी। उधर कमीशन ने सेक्टर-38 स्थित विवेक हाई स्कूल में एक छात्र को प्रिंसिपल द्वारा थप्पड़ मारे जाने के मामले में भी स्कूल प्रिंसिपल और डायरेक्टर को तलब किया गया है।
जानकारी अनुसार कमीशन ने दोनों को 16 जनवरी को तलब किया है। उधर इस मामले में शिक्षा विभाग की ओर से जांच कमेटी भी डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन रुबिंदरजीत सिंह बराड़ को अपनी रिपोर्ट सौंप देगी।