खन्ना के नजदीकी क्षेत्र समराला में एक सड़क हादसे में पांच साल के बच्चे यशराज की मौत हो गई। हादसे में उसकी मां तरनजीत कौर व मामा इंद्रजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को समराला के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार तरनजीत कौर अपने बेटे यशराज के साथ खन्ना अपने मायके गांव लोपो आई हुई थी। सोमवार सुबह तरनजीत कौर का भाई इंद्रजीत सिंह अपनी बाइक से उसे खन्ना छोड़ने जा रहा रहा था। जैसे ही इंद्रजीत सिंह अपने गांव से सड़क पर पहुंचा तो सामने से आ रही एक स्कूल वैन ने उन्हें साइड से टक्कर मार दी, जिससे तीनों बाइक से गिर गए।
हादसे में पांच साल के यशराज की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तीनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। बच्चे की मां और मामा को काफी गंभीर चोटें आई हैं, दोनों का इलाज चल रहा है।
समराला थाना के एसएचओ राव वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वैन को कब्जे में लेकर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। ड्राइवर वैन को छोड़कर मौके से फरार हो गया था। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों के हवाले कर दिया गया है।