चंडीगढ़ के एलांते मॉल में शनिवार देर रात बच्चों के लिए चलाई गई टॉय ट्रेन अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे ट्रेन के सबसे आखिरी वाले डिब्बे में बैठे बच्चे का सिर नीचे जमीन पर लगा और वह लहूलुहान हो गया। आनन-फानन बच्चे को सेक्टर-32 अस्पताल में ले जाया गया लेकिन बच्चे की मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने टॉय ट्रेन को कब्जे में लेकर चालक व इसके संचालकों पर गैर इरादतन हत्या व लापरवाही की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। टॉय ट्रेन के ऑपरेटर सौरभ को इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जांच टीम द्वारा कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है। वहीं अभी टॉय ट्रेन चलाने वाली कंपनी के संचालक को गिरफ्तार किया जाना बाकी है।
मृतक बच्चे की पहचान 11 वर्षीय शहबाज निवासी नवांशहर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
परिवार के साथ आया था चंडीगढ़ घूमने
पुलिस को दी शिकायत में मृतक बच्चे के पिता जतिंद्र पाल ने बताया कि वह शनिवार रात को अपने दो बच्चों, पत्नी व चचेरे भाई और उसके परिवार के साथ चंडीगढ़ घूमने के लिए आए थे। शनिवार रात वह शॉपिंग करने के लिए एलांते माल पहुंचे तो बच्चे टॉय ट्रेन में बैठने की जिद करने लगे। जतिंद्र पाल ने अपने बेटे शहबाज व चचेरे भाई के बेटे नवदीप को टॉय ट्रेन में बैठा दिया जिसके लिए उन्होंने इसके चालक को 400 रुपये किराया भी दिया। चालक ने इसकी टिकट नहीं दी। दोनों बच्चों को ट्रेन में बैठा दिया गया और ट्रेन चल पड़ी। आचनक ट्रेन अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे पीछे के डिब्बे में बैठा शहबाज नीचे गिर गया और उसका सिर जमीन से टकराया।
ट्रेन पलटी देख मॉल में भीड़ लग गई। ट्रेन को सीधा करके घायल हुए बच्चे को बाहर निकाला गया और मॉल की इमरजेंसी रिस्पांस टीम उसे लेकर सेक्टर-32 अस्पताल पहुंची। हेड इंजरी के चलते रविवार सुबह शहबाज ने दम तोड़ दिया।
ट्रेन ऑपरेटर समेत कंपनी संचालकों पर केस
सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने इस टॉय ट्रेन को कब्जे में लेने के साथ ही मृतक बच्चे के पिता के बयान दर्ज कर ट्रेन ऑपरेटर सौरभ निवासी बापूधाम कॉलोनी सहित कंपनी के अन्य संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इस ट्रेन को चलाने के लिए मॉल की ओर से थर्ड पार्टी को टेंडर दिया हुआ है। पुलिस ने मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकाली है जिसमें पूरी घटना कैद है। पुलिस ने इस फुटेज को कब्जे में ले लिया है और मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
एलांते मॉल के प्रवक्ता का कहना है कि 22 जून की रात में हुई इस घटना के तुरंत बाद उनकी इमरजेंसी रिस्पांस टीम वहां पहुंच गई थी। इस टीम द्वारा ही घायल बच्चे को अस्पताल में पहुंचाया गया और इस बारे में बाकायदा स्थानीय थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। इस संबंध में प्रशासन को पूरी तरह से मदद की जा रही है। वह परिवार के प्रति पूरी सहानुभूति रखते हैं।