दिल्ली की योजना पंजाब में लागू की: मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने शुरू की थी। अब इस योजना को पंजाब में लागू किया गया है और नजदीकी धार्मिक स्थानों के लिए एसी बसें और दूरदूराज के स्थानों के लिए रेलगाड़ियों की सुविधा दी गई है। श्रद्धालुओं की यात्रा के लिए उनको एसी कमरे और खाने-पीने की वस्तुएं भी मुहैया की जाएंगी। इन रेलगाड़ियों द्वारा श्रद्धालु श्री हजूर साहिब और श्री पटना साहिब, वाराणसी, मथुरा, अजमेर शरीफ और अन्य स्थानों के दर्शन करेंगे। बसों के जरिये श्रद्धालु श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और श्री दमदमा साहिब, श्री वैष्णो देवी, माता चिंतपूर्णी जी, माता नैना देवी जी, माता ज्वाला जी, सालासर धाम, खाटू श्याम जी और अन्य स्थानों के दर्शन करेंगे।
दिल्ली में 80 हजार लोग कर चुके तीर्थयात्रा: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनसभा में अपने संबोधन के दौरान लोगों को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार महान गुरुओं के दिखाए रास्ते पर चल कर दिल्ली और पंजाब के लोगों की सेवा कर रही है। उन लोगों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण योजना शुरू की जा रही है, जो साधनों की कमी या किसी अन्य वजह से पवित्र तीर्थों की यात्रा नहीं कर सकते। यह गर्व की बात है कि दिल्ली में अब तक 80,000 से अधिक लोग इस योजना का लाभ ले चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह योजना पंजाब के बुजुर्ग नागरिकों को तीर्थ स्थानों के दर्शनों की सुविधा प्रदान करने में अहम साबित होगी।
केजरीवाल ने कहा कि सरकारी खजाने का एक-एक पैसा आम आदमी की भलाई पर खर्च किया जा रहा है। इस योजना पर जो पैसा खर्च किया जा रहा है, पिछली सरकारों द्वारा वही पैसा अपनी मौज-मस्ती पर खर्चा जाता था। पंजाब स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य हर क्षेत्र में क्रांति के नए युग की शुरुआत देख रहा है। लोगों के मुफ्त इलाज के लिए आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं, राज्य के 20,000 स्कूलों की कायाकल्प की जा रही है। अब यह तीर्थ यात्रा योजना शुरू की गई है।