अग्निपथ योजना के तहत चार साल देश सेवा करने के बाद वापस आने वाले 75 फीसदी अग्निवीरों को हरियाणा सरकार गारंटी के साथ नौकरी देगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भीम स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीरों को उनकी इच्छानुसार ग्रुप सी और हरियाणा पुलिस में नौकरी दी जाएगी। कोई खाली हाथ नहीं रहेगा। हरियाणा ऐसा पहला राज्य है जिसने अग्निवीरों के लिए नौकरी सुनिश्चित की है। योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इस बीच विपक्ष के हमले भी तेज हो गए हैं।
मैं घोषणा करता हूं कि 'अग्निपथ योजना' के तहत चार वर्ष देश की सेवा करने के बाद वापस आने वाले अग्निवीरों को गारंटी के साथ हरियाणा सरकार में नौकरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री, मनोहर लाल।
इससे पहले सीएम मनोहर लाल ने ट्वीट किया कि 'स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव वर्ष में ‘मानवता के लिए योग’ की थीम के साथ मनाए जाने वाले 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई। आइए! हम सभी मिलकर इसे सफल बनाएं तथा योग द्वारा मन, आत्मा व शरीर को सकारात्मक व स्वस्थ दिनचर्या की दिशा में अग्रसर करें।'
अंबाला: अंबाला छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। योग अपनाकर निरोग रहने का संदेश दिया।
पानीपत: पानीपत के शिवाजी स्टेडियम में खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार और जेजेपी नेता देवेंद्र सिंह कादियान ने योग किया।