चंडीगढ़। यूटी पुलिस ने बंबीहा गैंग के सात बदमाशों के खिलाफ जिला अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। ऑपरेशन सेल ने इन बदमाशों को उस समय दबोचा था जब वे कारोबारियों को डरा धमकाकर उगाही करने के साथ किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे।पुलिस ने आरोपी मन्नू बट्टा, अमन कुमार, संजीव कुमार, कमलदीप, चेतन, मुकुल राणा और जिम्मी बंसल के खिलाफ आईपीसी की धारा 384, 386,120-बी और आर्म्स एक्ट धारा 25, 54 और 59 के तहत आरोपपत्र दाखिल किया है। इन बदमाशों को बीते मार्च महीने में इंस्पेक्टर अमनजोत सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन सेल की एक टीम ने गिरफ्तार किया था। इनके पास से प्वाइंट 32 बोर की तीन पिस्टल, एक रिवॉल्वर और 23 गोलियां बरामद हुईं थीं। पुलिस ने दावा किया है कि गैंगस्टर गौरव पटियाल उर्फ लक्की पटियाल और प्रिंस के इशारे पर ये सभी बदमाश शहर के क्लबों, शराब की दुकानों और होटल मालिकों से पैसे वसूलते थे।
मार्च 2023 में चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल की टीम गश्त पर थी। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि गौरव पटियाल और उसके साथी प्रिंस कुराली के बारे में कुछ खास जानकारी है। मुखबिर ने बताया कि ये आरोपी व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेश से अपने गिरोह का संचालन कर रहे हैं। इस गिरोह के बदमाश चंडीगढ़ में किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। इस सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों मुकुल राणा और मन्नू बत्ता को दबोच लिया।
जांच के दौरान पता चला कि लक्की पटियाल के कहने पर ही मलोया निवासी मुकुल राणा और वर्तमान में खरड़ निवासी मन्नू बत्ता बुड़ैल चंडीगढ़ के व्यवसायियों, होटल मालिकों, नाइट क्लब मालिकों, प्रॉपर्टी डीलरों, बिल्डरों, रेस्तरां को पैसे के लिए धमका रहे थे। इन दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने बंबीहा गैंग के अन्य पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर सभी के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है।