पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने बुधवार को सीएम भगवंत मान के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। दरअसल, विधानसभा के विशेष सत्र में सीएम मान ने पूछा था कि कांग्रेस विधायक बताएं, चन्नी कहां हैं।
अब पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान जब चाहें उनसे संपर्क कर सकते हैं। चन्नी ने एक समाचार चैनल से बातचीत के दौरान कहा, ‘मेरा मोबाइल 24 घंटे खुला रहता है और मैं किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हूं।’ चन्नी इस समय विदेश में हैं। उन्होंने चैनल से फोन पर कहा कि उन्हें सरकार या मुख्यमंत्री की ओर से कोई संदेश या लिखित संदेश नहीं मिला, जिसके जरिये किसी फाइल के बारे में कोई जानकारी मांगी गई हो।
उन्होंने पंजाब के लोगों के लिए 150 से अधिक फाइलों पर हस्ताक्षर कर निर्णय लिए, जिसमें बिजली की दरों में तीन रुपये प्रति यूनिट की कमी करना शामिल है। चन्नी ने कहा, ‘अब मुझे नहीं पता कि भगवंत मान किस फाइल के बारे में जानना चाहते हैं। मेरा फोन 24 घंटे खुला रहता है, जब चाहें भगवंत मान संपर्क कर सकते हैं या सरकार कोई जानकारी प्राप्त करना चाहती है तो कर सकती है।’
बता दें कि मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधा था और कहा था कि यह पहली दफा हुआ है कि मतदान में हार के बाद किसी पार्टी का मुख्यमंत्री का चेहरा ही गायब हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी के कार्यकाल में हुई अनियमितताओं के कारण ही वह अब गायब हैं।
नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा को आड़े हाथों लेते हुए भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस के सीनियर नेता ऑपरेशन लोटस फेल हो जाने के सदमे में हैं, जैसे उनकी बनायी स्कीम धराशायी हो गई हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रस्ताव द्वारा तथ्यों को लोगों के सामने रखा जा रहा है क्योंकि सत्र लाइव चल रहा है। जो लोग इस सत्र की मांग कर रहे थे, वह बहस से भाग गए हैं।