पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने रविवार को कटोच हॉकी स्टेडियम में हॉकी में हाथ आजमाए। मैदान पर उन्होंने गोलकीपर की भूमिका निभाई। गोलकीपर के दस्ताने पहने और अपने खेल मंत्री और भारत के पूर्व कप्तान परगट सिंह के तेज-तर्रार हिट के खिलाफ बचाव किया।
सीएम चन्नी ने कहा कि हॉकी स्टेडियम में युवा खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए बहुत अच्छा लगा। ये युवा हॉकी का भविष्य हैं और मैं उनके खेल के प्रति प्रेम से रोमांचित हूं। मुख्यमंत्री गोलकीपर के रूप में मोहाली के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शनिवार को भी हॉकी खेले थे। आधिकारिक बयान के अनुसार, स्टेडियम में खेले जा रहे एक मैच के दौरान एक आयोजक ने मुख्यमंत्री से खेल खेलने का आग्रह किया। इसके बाद सीएम चन्नी ने हॉकी में अपना हाथ आजमाया।
चन्नी ने गोलकीपर की भूमिका निभाई, जबकि उनके कैबिनेट सहयोगी और ओलंपियन परगट सिंह ने मुख्यमंत्री से आगे निकलने और गोल करने के लिए मशक्कत की। चन्नी और सिंह ने जब मैदान पर उतरकर अपने हुनर का प्रदर्शन किया तो पूरा स्टेडियम तालियां बजा रहा था। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि चन्नी ने सिंह द्वारा किए गए कुल पांच हिट में से तीन का बचाव किया।
खेल में पंजाब को प्रथम लाने के लिए मिलकर करना होगा प्रयास
पंजाब को खेल के क्षेत्र में फिर देश का अग्रणी राज्य बनाने व युवाओं को खेल के साथ जोड़ने के लिए सभी को मिल कर प्रयास करना होगा। इसके लिए विशेष तौर पर पुराने खिलाड़ियों को भी आगे आना होगा, क्योंकि खिलाड़ी युवाओं के आदर्श हैं, जिनको देख कर युवा खेल को शिद्दत के साथ अपनाएंगे। ये बातें पंजाब के खेल व शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने लायलपुर खालसा कालेज में चौथी बाबा जीएस बौद्धी वेटरन हॉकी लीग के फाइनल मैच दौरान किया।
हॉकी एस्ट्रोटर्फ के लिए 5 लाख रुपये देने का एलान
इस अवसर पर उन्होंने भी वेटरन खिलाड़ियों के साथ हॉकी मैच खेला। भारत की तरफ से खेलने वाले हरप्रीत सिंह मंडेर व संजीव कुमार भी मौके पर मौजूद थे। इस दौरान खेल मंत्री परगट सिंह ने लायलपुर खालसा कालेज को हॉकी एस्ट्रोटर्फ के लिए 5 लाख व जीएस बौद्धी क्लब को 2 लाख रुपये देने का भी एलान किया। इस दौरान खेले गए बाबा जीएस बौद्धी वटरन हॉकी लीग का फाइनल में ओलंपियन जगदेव सिंह क्लब ने जीता।
ओलंपियन जगदेव सिंह क्लब ने जीता फाइनल
खेल मंत्री ने कहा कि खेल हमारे समाज का अटूट अंग है, यह सिर्फ बचपन या जवानी के दिनों में ही नहीं, बल्कि पूरा जीवन हमें इसके साथ जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हॉकी फील्ड में स्टिक हाथ में पकड़ कर जो खुशी महसूस होती है, वह शब्दों में नहीं बया नहीं की जा सकती। इस अवसर पर लायलपुर खालसा कालेज, जालंधर के प्रिंसिपल डा. गुरपिंदर सिंह समरा ने कैबिनेट मंत्री परगट सिंह का विशेष कर धन्यवाद किया। इस दौरान खेले गए बाबा जीएस बौद्धी वटरन हॉकी लीग का फाइनल में ओलंपियन जगदेव सिंह क्लब ने जीता।